एजेंसी न्यूज

Jammu and Kashmir: जम्मू-कश्मीर के भद्रवाह में नौवें दिन कर्फ्यू जारी, मस्जिदों के बाहर अतिरिक्त बल तैनात

जम्मू-कश्मीर में डोडा जिले के भद्रवाह कस्बे में नौवें दिन भी कर्फ्यू लागू रहा और जिले की मस्जिदों के बाहर जुमे की नमाज से पहले एहतियातन अतिरिक्त बलों को तैनात किया गया.

Jammu and Kashmir: जम्मू-कश्मीर के भद्रवाह में नौवें दिन कर्फ्यू जारी, मस्जिदों के बाहर अतिरिक्त बल तैनात
(Photo Credits: PTI)

भद्रवाह/जम्मू, 17 जून : जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) में डोडा जिले के भद्रवाह कस्बे में नौवें दिन भी कर्फ्यू लागू रहा और जिले की मस्जिदों के बाहर जुमे की नमाज से पहले एहतियातन अतिरिक्त बलों को तैनात किया गया. पैगंबर मोहम्मद के बारे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की निलंबित प्रवक्ता नुपुर शर्मा की विवादित टिप्पणी और उनके समर्थन में स्थानीय दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं के सोशल मीडिया पोस्ट के विरोध के बीच, भद्रवाह में सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया था, जिसके चलते नौ जून को कस्बे में कर्फ्यू लगा दिया गया था. पुलिस ने बताया कि कर्फ्यू में बृहस्पतिवार को सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक और अपराह्न तीन बजे से शाम पांच बजे तक दो बार ढील दी गई थी तथा इस दौरान शांति रही और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई. अधिकारियों ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस एवं असैन्य अधिकारियों ने हालाज का जायजा लिया और जुमे की नमाज के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए कोई ढील न देते हुए शहर में कर्फ्यू लागू रखने का फैसला किया.

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘जुमे की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने के बाद दिन में बाद में कर्फ्यू में ढील देने का फैसला किया जाएगा.’’ उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए डोडा जिले में मस्जिदों के बाहर एहतियातन अतिरिक्त बल तैनात किए जाएंगे. स्थानीय पुलिस थाने में तीन प्राथमिकियां दर्ज किए जाने के बाद पिछले सप्ताह सांप्रदायिक तनाव फैलाने को लेकर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया और नौ अन्य को हिरासत में लिया गया. अधिकारियों ने बताया कि भद्रवाह में कई स्थानों पर छापेमारी के बावजूद फरार एक आरोपी के घर के बाहर उसकी तलाश किए जाने संबंधी नोटिस चिपकाया गया है. ‘अंजुमन-ए-इस्लामिया’ ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए सांप्रदायिक नफरत फैलाने वालों की गिरफ्तारी की मांग की. यह भी पढ़ें : प्रधानमंत्री 19 जून को प्रगति मैदान एकीकृत ट्रांजिट कॉरिडोर परियोजना राष्ट्र को समर्पित करेंगे

धर्मिक समूह के एक पदाधिकारी ने कहा, ‘‘अभी तक केवल एक समुदाय के लोगों को गिरफ्तार किया गया है या हिरासत में लिया गया है, लेकिन अन्य समुदायों के उन लोगों को छोड़ दिया गया है, जिन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से लोगों को भड़काया है. उनमें से एक ने अग्रिम जमानत का अनुरोध किया है.’’ इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि जम्मू जिले में भी जुमे की नमाज के बाद सड़कों पर प्रदर्शन नहीं होने देने के निर्देश के साथ मस्जिदों के बाहर भारी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. पैगंबर की टिप्पणी के खिलाफ पिछले एक हफ्ते में गुर्जर नगर, तालाब खटिकन और बठिंडी सहित शहर के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन देखा गया.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 17, 2022 01:47 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).