नयी दिल्ली, 20 जून संस्कृति मंत्रालय शुक्रवार को दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला स्थल पर अंतराराष्ट्रीय योग दिवस मनाएगा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
समग्र स्वास्थ्य और कल्याण में सुधार लाने में योग की व्यापक क्षमता के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए प्रतिवर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) मनाया जाता है।
इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कुतुब मीनार स्थित 'सन डायल लॉन' में आयोजित समारोह का नेतृत्व करेंगे।
शेखावत ने हाल ही में दोनों मंत्रालयों का कार्यभार संभाला है।
संस्कृति मंत्रालय भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के साथ मिलकर ऐतिहासिक पुराना किला स्थल पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन करेगा।
वहीं, एक अन्य अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के सचिव गोविंद मोहन भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।
एएसआई के एक शीर्ष अधिकारी ने बृहस्पतिवार को 'पीटीआई-' से कहा, "पुराना किला में इस दिन को मनाने के लिए करीब 500 लोग शामिल होंगे। इनमें एनसीसी कैडेट, अर्धसैनिक बल के जवान, संस्कृति मंत्रालय, एएसआई और राष्ट्रीय स्मारक प्राधिकरण (एनएमए) के अधिकारी शामिल होंगे।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY