मुंबई, दो मई वर्ष 2021 में एक क्रूज जहाज से मादक पदार्थ की बरामदगी के बहुचर्चित मामले में आरोपियों में से एक, मॉडल मुनमुन धमेचा ने मंगलवार को विशेष अदालत में अर्जी देकर आरोप मुक्त करने की गुहार लगाई।
याचिका में उन्होंने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान के समान व्यवहार करने का अनुरोध किया है, जिन्हें मामले में गिरफ्तार किया गया था लेकिन बाद में स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने क्लीनचिट दे दी थी।
गौरतलब है कि एनसीबी ने अक्टूबर 2021 के पहले सप्ताह में मादक पदार्थ रखने, सेवन करने और तस्करी के आरोप में धमेचा को आर्यन खान एवं अन्य के साथ गिरफ्तार किया था। दोनों (धमेचा व खान)को बंबई उच्च न्यायालय ने 28 अक्टूबर 2021 को जमानत दे दी थी।
एनसीबी द्वारा मई 2022 में दायर किये गए आरोप पत्र में आर्यन खान और पांच अन्य को सबूतों के अभाव में नामजद नहीं किया गया। हालांकि, धमेचा का नाम एनसीबी की ओर से दाखिल आरोप पत्र में बतौर आरोपी था।
धमेचा ने अपने वकील कासिफ अली खान देशमुख के जरिये मंगलवार को विशेष अदालत में अर्जी दायर की और आरोप मुक्त करने का अनुरोध किया।
धमेचा ने आवेदन में दावा किया है कि उन्हें इस मामले में फंसाया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY