एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | क्रिस्पिन छेत्री ने एएफसी महिला एशियाई कप 2026 क्वालीफायर के लिए 24 सदस्यीय टीम घोषित की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. क्वालीफायर के लिए 23 खिलाड़ियों की अंतिम टीम की घोषणा पहले मैच से पूर्व की जाएगी। भारतीय टीम को क्वालीफायर के ग्रुप बी में रखा गया है जहां उनका सामना मंगोलिया (23 जून), तिमोर लेस्ते (29 जून), इराक (दो जुलाई) और मेजबान थाईलैंड (पांच जुलाई) से होगा।

देश की खबरें | क्रिस्पिन छेत्री ने एएफसी महिला एशियाई कप 2026 क्वालीफायर के लिए 24 सदस्यीय टीम घोषित की

क्वालीफायर के लिए 23 खिलाड़ियों की अंतिम टीम की घोषणा पहले मैच से पूर्व की जाएगी। भारतीय टीम को क्वालीफायर के ग्रुप बी में रखा गया है जहां उनका सामना मंगोलिया (23 जून), तिमोर लेस्ते (29 जून), इराक (दो जुलाई) और मेजबान थाईलैंड (पांच जुलाई) से होगा।

ग्रुप विजेता मार्च 2026 में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले मुख्य टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करेंगे। महिला एशियाई कप फीफा महिला विश्व कप ब्राजील 2027 का भी क्वालीफायर है।

छेत्री और उनकी टीम सोमवार शाम को थाईलैंड पहुंचेगी और अपने पहले मैच से पूर्व उत्तरी शहर चियांग माई में एक सप्ताह तक प्रशिक्षण लेगी। सभी मैच चियांग माई स्टेडियम में होंगे।

भारतीय टीम ने बेंगलुरु में पादुकोण-द्रविड़ सेंटर फॉर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस में छह सप्ताह तक ट्रेनिंग की और क्वालीफायर की तैयारी के लिए 30 मई और तीन जून को उज्बेकिस्तान के खिलाफ दो मैत्री मैच खेले जिसमें दोनों बार टीम को 0-1 से हार का सामना करना पड़ा।

छेत्री ने कहा, ‘‘मैं बेंगलुरु में तैयारियों से खुश हूं। हमने 40 दिन से अधिक समय तक ट्रेनिंग की। ट्रेनिंग मैदान और सभी सुविधाएं बेहतरीन थीं। जहां तक टीम की बात है हमारे पास युवा और सीनियर खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दुर्भाग्य से चोटों के कारण करिश्मा (शिरवोइकर), संध्या (रंगनाथन) और रेणु जैसे फॉरवर्ड टीम का हिस्सा नहीं हैं। लेकिन यह फुटबॉल का हिस्सा है। और पिंक लेडीज कप टीम (फरवरी में) की तुलना में अब हमारे पास अधिक अनुभवी खिलाड़ी हैं।’’

चियांग माई के अधिक नमी वाले मौसम से तालमेल बैठाने के लिए भारतीय टीम मंगोलिया के खिलाफ पहले मैच से एक सप्ताह पूर्व शहर में पहुंचेगी।

भारत की 24 सदस्यीय टीम इस प्रकार है:

गोलकीपर: एलंगबाम पंथोई चानू, मोइरांगथेम मोनालिशा देवी, पायल बसुदे।

डिफेंडर: हेमाम सिल्की देवी, किरण पिस्दा, मार्टिना थोकचोम, नगंगबाम स्वीटी देवी, फंजौबाम निर्मला देवी, पूर्णिमा कुमारी, संजू, सोरोखैबम रंजना चानू।

मिडफील्डर: अंजू तमांग, ग्रेस डांगमेई, कार्तिका अंगमुथु, नोंगमैथेम रतनबाला देवी, प्रियदर्शिनी सेलादुरई, संगीता बासफोर।

फारवर्ड: लिंडा कोम सर्टो, मालविका पी, मनीषा कल्याण, मनीषा नाइक, प्यारी शाशा, रिम्पा हलदर और सौम्या गुगुलोथ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 16, 2025 05:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).