एजेंसी न्यूज

हटाये गए स्टाफ के लिये सुपरमार्केट में अस्थायी नौकरियां ढूंढ रहा है क्रिकेट आस्ट्रेलिया

क्रिकेट आस्ट्रेलिया इस समय संघीय सरकार की जॉबकीपर सपोर्ट योजना की पात्रता के मानदंडों पर खरा नहीं उतरता ।

हटाये गए स्टाफ के लिये सुपरमार्केट में अस्थायी नौकरियां ढूंढ रहा है क्रिकेट आस्ट्रेलिया

मेलबर्न, 22 अप्रैल कोरोना वायरस महामारी के कारण आर्थिक दिक्कतों के चलते जून अंत तक नौकरी से हटाये गए अपने स्टाफ के लिये क्रिकेट आस्ट्रेलिया मशहूर सुपरमार्केट और अपने प्रायोजकों में से एक वूलवर्थस में नौकरी तलाश रहा है ।

क्रिकेट आस्ट्रेलिया इस समय संघीय सरकार की जॉबकीपर सपोर्ट योजना की पात्रता के मानदंडों पर खरा नहीं उतरता ।

इसके मुख्य कार्यकारी केविन राबर्ट्स ने ईएसपीएन क्रिकइन्फो से कहा ,‘‘ मैने वूलवर्थस के सीईओ ब्राड बेंदुची को लिखा है । उन्हें इस समय स्टाफ की जरूरत भी है ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ हमारी टीम दूसरे संगठनों से भी बात कर रही है जिन्हें स्टाफ की जरूरत है ।’’

उन्होंने कहा कि दर्शकों के बिना घरेलू अंतरराष्ट्रीय स्तर से उनके राजस्व को नुकसान पहुंचेगा और यही वजह है कि उन्हें यह फैसला लेना पड़ा ।

राबर्ट्स ने कहा ,‘‘ हमें चार से पांच करोड़ आस्ट्रेलियाई डॉलर का नुकसान होगा जो टिकटों की बिक्री से कमाये जाते । इसलिये हमें ऐसे कदम उठाने पड़ रहे हैं लेकिन सिक्के का दूसरा पहलू यह है कि हम अपने लोगों की मदद के हरसंभव प्रयास कर रहे हैं ।’’

जो स्टाफ बरकरार भी रखा गया है , वह अपनी तनख्वाह के बीस प्रतिशत पर ही काम कर रहा है जबकि क्रिकेट आस्ट्रेलिया के कार्यकारी वेतन का 80 प्रतिशत ले रहे हैं ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 22, 2020 10:15 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).