देश की खबरें | निगमबोध घाट व तीन अन्य स्थानों पर श्मशान घाट बंद : दिल्ली की महापौर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली की महापौर शैली ओबेरॉय ने शुक्रवार को कहा कि यमुना के पानी के कारण राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ के मद्देनजर निगमबोध घाट, गीता कॉलोनी, वजीराबाद और सरायकाले खां स्थित श्मशान घाट बंद कर दिये गये हैं।

नयी दिल्ली, 14 जुलाई दिल्ली की महापौर शैली ओबेरॉय ने शुक्रवार को कहा कि यमुना के पानी के कारण राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ के मद्देनजर निगमबोध घाट, गीता कॉलोनी, वजीराबाद और सरायकाले खां स्थित श्मशान घाट बंद कर दिये गये हैं।

दिल्ली में बाढ़ जैसी स्थिति ने न केवल राष्ट्रीय राजधानी में जनजीवन को बाधित किया है, बल्कि उफनती यमुना के समीप स्थित श्मशान घाटों में भी पानी भर गया है, जिससे लोगों के लिए अपने प्रियजनों का अंतिम संस्कार करना मुश्किल हो गया है।

तीन दिन पहले यमुना में जलस्तर का 45 साल का रिकॉर्ड टूटने के बाद शुक्रवार सुबह 11 बजे यह घटकर 208.35 मीटर हो गया था, हालांकि दिल्ली के कई प्रमुख इलाके जलमग्न रहे।

दोपहर एक बजे यह जलस्तर कुछ और गिरकर 208.27 मीटर पर आ गया।

ओबेरॉय ने ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली में बाढ़ के कारण निगमबोध घाट, गीता कॉलोनी, वजीराबाद और सरायकाले खां में श्मशान घाट बंद हैं।’’

उन्होंने अन्य श्मशान घाटों की एक सूची साझा की, जहां लोग अपने प्रियजनों के अंतिम संस्कार के लिए जा सकते हैं। उन्होंने वैकल्पिक श्मशान घाटों पर विचार करने की सलाह दी।

मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए निगमबोध घाट पर काफी भीड़ रहती है, लेकिन यहां उफनती यमुना का पानी घुस गया है।

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने बुधवार को एक परामर्श जारी करके लोगों से अपने प्रियजनों के अंतिम संस्कार के लिए निगमबोध घाट न जाने को कहा था।

यमुना का जलस्तर बढ़ने के कारण गीता कॉलोनी स्थित श्मशान घाट को भी बंद कर दिया गया है।

दिल्ली नगर निगम ने लोगों को शवों को पंचकुइयां रोड, संत नगर, पंजाबी बाग, ग्रीन पार्क, दक्षिणपुरी या अपने पड़ोस के अन्य श्मशान घाटों पर ले जाने के विकल्प पर विचार करने को कहा है।

महापौर ओबेरॉय ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी के प्रभावित इलाकों और राहत शिविरों का निरीक्षण किया। एमसीडी अधिकारियों के साथ उन्होंने कश्मीरी गेट और आईटीओ चौराहे के आसपास के इलाकों का दौरा किया। वह लाल किले के आसपास के इलाकों में भी गईं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\