जरुरी जानकारी | सितंबर में उद्योग को ऋण वृद्धि में कमी, कृषि क्षेत्र में सुधार: रिजर्व बैंक

मुंबई, 31 अक्टूबर भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने मंगलवार को कहा कि सितंबर में उद्योगों को दिए जाने वाले ऋण की वृद्धि दर में गिरावट रही जबकि कृषि तथा सेवा क्षेत्रों में सुधार दर्ज किया गया।

केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, आवास के लिए कर्ज में नरमी होने के कारण सितंबर 2023 में व्यक्तिगत ऋण वृद्धि भी घटकर सालाना आधार पर 18.2 प्रतिशत रह गई। यह एक साल पहले इसी माह में 19.4 प्रतिशत थी।

उद्योग को ऋण आवंटन सितंबर में सालाना आधार पर 6.5 प्रतिशत की दर से बढ़ा जबकि एक साल पहले इसी महीने में यह 12.6 प्रतिशत बढ़ा था।

इस दौरान बुनियादी धातु और धातु उत्पादों, खाद्य प्रसंस्करण और कपड़ा क्षेत्र के लिए ऋण वृद्धि में तेजी आई जबकि इंजीनियरिंग, रसायन और रासायनिक उत्पादों तथा बुनियादी ढांचे के ऋण में गिरावट हुई।

कृषि और संबद्ध गतिविधियों के लिए ऋण वृद्धि सितंबर 2023 में 16.8 प्रतिशत रही, जो एक साल पहले इसी महीने में 13.4 प्रतिशत थी।

सेवा क्षेत्र में ऋण वृद्धि की दर 21.3 प्रतिशत रही, जो एक साल पहले 20.2 प्रतिशत थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)