खेल की खबरें | जीत की आदत बनाये: आरसीबी के क्रिकेट निदेशक बोबाट ने आईपीएल चैंपियन बनने के बाद कहा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के क्रिकेट निदेशक मो बोबट ने लंबे समय से चले आ रहे टीम के सपने के साकार होने के बाद अपने खिलाड़ियों से ‘जीतने की आदत’ डाल कर अगले साल लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।

अहमदाबाद, चार जून रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के क्रिकेट निदेशक मो बोबट ने लंबे समय से चले आ रहे टीम के सपने के साकार होने के बाद अपने खिलाड़ियों से ‘जीतने की आदत’ डाल कर अगले साल लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।

 आरसीबी ने मंगलवार को यहां रोमांचक फाइनल में पंजाब किंग्स को छह रन से हराकर आईपीएल खिताब जीतने के 18 साल के इंतजार को खत्म किया।

बोबाट ने ड्रेसिंग रूम में एक उत्साहजनक भाषण के दौरान 2008 में लीग के उद्घाटन सत्र से टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए आरसीबी के करिश्माई खिलाड़ी विराट कोहली को भी धन्यवाद दिया।

आरसीबी द्वारा ‘एक्स’ पर जारी वीडियो में बोबाट ने कहा, ‘‘जब मैं इस बारे में सोचता हूं कि हमने इस सत्र में क्या-क्या किया है, तो मेरे दिमाग में एक शब्द आता है, ‘खास प्रयास’। जिस तरह से हमने खेला वह बेहद खास रहा, जिसने लोगों को प्रेरित किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम खेल के बारे में सोचते हैं, हम जिस आक्रामक क्रिकेट को खेलते हैं उसके बारे में सोचते हैं। हमने जो माहौल बनाया वह वाकई विशेष था। यही आपको इस तरह के नतीजे देता है।’’

पिछले महीने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने वाले 36 वर्षीय कोहली पिछले 18 सालों से दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग में खिताब जीतने का सपना देख रहे थे।

बोबाट ने कहा, ‘‘यह निस्संदेह विश्व खेल में सबसे प्रतिष्ठित ट्रॉफियों में से एक है और हम सोचते हैं कि हमारे प्रशंसकों ने क्या-क्या सहा है, विराट ने इतने सालों में क्या-क्या सहा है। यह एक बेहद प्रतिष्ठित ट्रॉफी है।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पता है कि विराट, आपको आपके बारे में बात किया जाना पसंद नहीं है, लेकिन एक अनुभवी खिलाड़ी और इस टीम के एक आइकन खिलाड़ी के रूप में हर चीज के लिए आपका धन्यवाद।’’

 बोबट ने कहा, ‘‘आपने पिछले 18 सालों में जो कुछ भी किया है, आप उसके लिए इस पल के हकदार हैं।’’

बोबाट ने टीम के खिलाड़ियों से जीत को आदत बनाने के साथ लगातार दो आईपीएल खिताब जीत कर चेन्नई सुपर किंग्स (2010, 2011) और मुंबई इंडियंस (2019, 2020) की बराबरी करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें आज रात जीत का लुत्फ उठाने की जरूरत है, हमें आज रात का भरपूर आनंद लेना है। हमें हालांकि अपने इस प्रदर्शन को आगे भी जारी रखना सुनिश्चित करना है। हमें इस तरह की सफलता की भावना के आदी होने की जरूरत है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ आईपीएल में लगातार दो खिताब को बहुत सी टीमों ने नहीं जीते हैं। ऐसा पहले दो बार हुआ है, अगला फाइनल बेंगलुरु में होगा और हम फिर से खेलेंगे। ऐसे में हमें ट्रॉफी जीतने की लत को आगे बढ़ाना है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\