नयी दिल्ली, सात अप्रैल सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास योजना के हिस्से के रूप में बनाए जा रहे नए उपराष्ट्रपति एनक्लेव में अतिक्रमण को रोकने के लिए “गैर-घातक विद्युत बाड़” होगी। एक आधिकारिक दस्तावेज में यह जानकारी दी गई है।
केंद्र सरकार की मुख्य निर्माण एजेंसी केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) ने 96 लाख रुपये की लागत से उप राष्ट्रपति एनक्लेव में बाड़ लगाने और पांच साल तक उसके रखरखाव के लिए बोलियां आमंत्रित की हैं।
सीपीडब्ल्यूडी ने अपने निविदा दस्तावेज में कहा है कि ‘लुटियंस दिल्ली’ में चर्च रोड पर निर्माणाधीन उपराष्ट्रपति एनक्लेव की मौजूदा बाहरी चारदीवारी पर ‘पावर फेंसिंग सिस्टम’ का काम किया जाएगा।
दस्तावेज में कहा गया, “प्रणाली बाड़ पर कहीं भी कम से कम पांच जूल (ऊर्जा की इकाई) आघात ऊर्जा प्रदान करने में सक्षम होगी।”
तकनीकी और वित्तीय निविदा जमा करने की आखिरी तारीख 13 अप्रैल है और उसी दिन निविदाएं खोली जाएंगी।
विद्युत बाड़ परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 96.57 लाख रुपये है और सीपीडब्ल्यूडी ने 90 दिनों के भीतर परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
अवसंरचना कंपनी कमलादित्य कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड को 2021 में 206 करोड़ रुपये की लागत से उपराष्ट्रपति एनक्लेव के निर्माण का ठेका दिया गया था।
सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना में एक नए त्रिकोणीय संसद भवन, एक सामान्य केंद्रीय सचिवालय, प्रधानमंत्री के एक नए आवास और कार्यालय तथा एक नए उपराष्ट्रपति एनक्लेव समेत अन्य इमारतों की परिकल्पना की गई है।
उपराष्ट्रपति एनक्लेव में उनका आवास और सचिवालय होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY