देश की खबरें | भाकपा ने यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को केरल सरकार से जोड़ने वाली खबरों की निंदा की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने सोमवार को उन खबरों की कड़ी निंदा की जिनमें कहा गया है कि जासूसी के आरोप में गिरफ्तार यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को केरल सरकार ने राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आमंत्रित किया था।
नयी दिल्ली, सात जुलाई भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने सोमवार को उन खबरों की कड़ी निंदा की जिनमें कहा गया है कि जासूसी के आरोप में गिरफ्तार यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को केरल सरकार ने राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आमंत्रित किया था।
भाकपा सांसद पी. संदोश कुमार ने एक बयान में कहा, "भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी राष्ट्रीय सुरक्षा पर अपनी गंभीर विफलताओं को छिपाने के लिए केरल सरकार को ज्योति मल्होत्रा जासूसी मामले में घसीटने के भाजपा के प्रयास की कड़ी निंदा करती है।"
कुमार ने कहा कि यह कहना बेतुका है कि एक यूट्यूबर की पाकिस्तान यात्रा के लिए राज्य सरकार जिम्मेदार है, जबकि पासपोर्ट जारी करना, वीजा मंजूरी और खुफिया निगरानी सभी केंद्र सरकार के नियंत्रण में हैं।
भाकपा सांसद ने कहा, "क्या केरल सरकार ने उसकी (ज्योति) पाकिस्तान यात्रा को मंजूरी दी थी? क्या सरकार ने उसे दिल्ली में आईएसआई संचालकों के संपर्क में रखा था? यह हताशापूर्ण और राजनीति से प्रेरित प्रयास है।"
उन्होंने कहा कि भाजपा के अपने ही सदस्यों के "जासूसी और आतंकवाद" से जुड़े मामलों में संलिप्त रहने का लंबा इतिहास रहा है।
उन्होंने कहा, "भोपाल में इसके आईटी सेल के ध्रुव सक्सेना, बजरंग दल के बलराम सिंह, लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी तालिब शाह, जिसे भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का आईटी प्रमुख नियुक्त किया गया था, और पूर्व भाजपा नेता तारिक मीर को आतंकवादियों को हथियार आपूर्ति करने के लिए गिरफ्तार किया गया। राष्ट्रपति पदक से सम्मानित पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) दविंदर सिंह को भी हिजबुल आतंकवादियों को बचाते हुए पकड़ा गया और बाद में उसका संबंध पाकिस्तानी आकाओं से पाया गया। यह भाजपा का वास्तविक राष्ट्रीय सुरक्षा रिकॉर्ड है।"
भाकपा नेता ने यह भी कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के अपराधियों का अभी तक पता नहीं लगाया जा सका है और उन्हें गिरफ्तार भी नहीं किया जा सका है।
उन्होंने कहा, "जिम्मेदारी लेने के बजाय, भाजपा अब नियमित पर्यटन कार्यक्रम को लेकर केरल को निशाना बना रही है जिसमें ज्योति मल्होत्रा ने एक बार भाग लिया था, जबकि इस कार्यक्रम और उसकी आईएसआई भर्ती के बीच कोई संबंध नहीं है। केंद्र की अपनी एजेंसियां कई पाकिस्तान यात्राओं और विदेशी वित्तपोषण का पता लगाने में विफल रहीं, जबकि ये सभी उनके सीधे अधिकार क्षेत्र में हैं।"
भाकपा नेता ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा एक केंद्रीय विषय है और केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) "बार-बार की खुफिया चूक और अपने ही खेमे के लोगों के जासूसी और आतंकवाद से जुड़े लोगों की बढ़ती सूची" से अपना पल्ला नहीं झाड़ सकती।
उन्होंने कहा, "भारत के लोग जवाबदेही के हकदार हैं, बलि का बकरा और राजनीतिक प्रतिशोध के नहीं।"
खबरों में सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत मिले जवाब का हवाला दिया गया है जिसमें कहा गया है कि मल्होत्रा उन लोगों में शामिल थी जिन्हें केरल सरकार ने राज्य संचालित इंफ्लुएंसर तालमेल कार्यक्रम में आमंत्रित किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 07, 2025 03:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

