एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कोविड-19: भारत में उपचाराधीन मरीजों की संख्या गिरकर 5,37,045 हुई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत में करीब 40 दिन बाद कोविड-19 के दैनिक मामलों की संख्या 50,000 से कम रही और देश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 4,26,31,421 हो गई। इसके अलावा, देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या गिरकर 5,37,045 हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | कोविड-19: भारत में उपचाराधीन मरीजों की संख्या गिरकर 5,37,045 हुई

नयी दिल्ली, 13 फरवरी भारत में करीब 40 दिन बाद कोविड-19 के दैनिक मामलों की संख्या 50,000 से कम रही और देश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 4,26,31,421 हो गई। इसके अलावा, देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या गिरकर 5,37,045 हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी।

मंत्रालय के सुबह आठ बजे अद्यतन किए गए आंकड़ों के अनुसार, भारत में संक्रमण के 44,877 नए मामले सामने आए तथा 684 और मरीजों की मौत होने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,08,665 हो गई।

देश में चार जनवरी को संक्रमण के 37,379 नए मामले सामने आए थे। भारत में लगातार सातवें दिन संक्रमण के दैनिक मामलों की संख्या एक लाख से कम रही।

देश में अभी 5,37,045 कोरोना वायरस संक्रमितों का इलाज चल रहा है, जो संक्रमण के कुल मामलों का 1.26 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 73,398 की कमी दर्ज की गई। देश में मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 97.55 प्रतिशत है।

अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण की दैनिक दर 3.17 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 4.46 प्रतिशत दर्ज की गई। देश में अभी तक कुल 4,15,85,711 लोग संक्रमणमुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 172.81 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं।

उल्लेखनीय है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे।

देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ के पार हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ के पार और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार पहुंच गए थे।

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से मौत के 684 मामले सामने आए। इनमें से केरल में 427 और महाराष्ट्र में 38 मामले सामने आए।

आंकड़ों के अनुसार, देश में अब तक संक्रमण से कुल 5,08,665 लोगों की मौत हुई है जिनमें से महाराष्ट्र में 1,43,387, केरल में 62,053, कर्नाटक में 39,613, तमिलनाडु में 37,904, दिल्ली में 26,060, उत्तर प्रदेश में 23,391 और पश्चिम बंगाल में 20,990 लोगों की मौत हुई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अब तक जिन लोगों की कोरोना वायरस संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 13, 2022 11:12 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).