देश की खबरें | कोविड-19 के मामलों में वृद्धि : मुंबई में जल्द ही तैयार होंगे तीन बड़े अस्पताल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र सरकार ने कोविड-19 के मामलों में तेजी से हो रही बढ़ोतरी के मद्देनजर मुंबई में आगामी पांच से छह सप्ताह में तीन बड़े अस्पताल स्थापित करने का फैसला किया है।
मुंबई, 12 अप्रैल महाराष्ट्र सरकार ने कोविड-19 के मामलों में तेजी से हो रही बढ़ोतरी के मद्देनजर मुंबई में आगामी पांच से छह सप्ताह में तीन बड़े अस्पताल स्थापित करने का फैसला किया है।
शहर के बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) आयुक्त इकबाल सिंह चहल ने सोमवार को बताया कि इनमें से हरेक अस्पताल में 200 आईसीयू बिस्तरों समेत 2,000 बिस्तरों की क्षमता होगी और 70 प्रतिशत बिस्तरों में ऑक्सीजन की व्यवस्था होगी।
उन्होंने बताया कि इन अस्पतालों को शहर में तीन अलग-अलग स्थानों पर स्थापित किया जाएगा।
चहल ने बताया कि उन्होंने कुछ चार और पांच सितारा होटलों से भी सीसीसी2 सुविधा केंद्र (कोविड-19 के मरीजों के लिए देखभाल केंद्र) बनाने का अनुरोध किया है।
उन्होंने कहा कि जिन मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार होगा, उन्हें सीसीसी2 सुविधाओं में स्थानांतरित करके जरूरतमंद मरीजों के लिए और बिस्तर उपलब्ध कराए जाएंगे। इन सीसीसी2 का प्रबंधन पेशेवर चिकित्सक करेंगे।
मुंबई में रविवार को संक्रमण के 9,986 नए मामले सामने आने के बाद यहां अब तक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 5,20,498 हो गई तथा 79 और लोगों की मौत होने के बाद कुल मृतक संख्या बढ़कर 12,023 हो गई।
आधिकारिक आंकडों के अनुसार, मुंबई में इस समय 92,464 मरीज उपचाराधीन हैं।
बिस्तरों की संख्या के बारे में बीएमसी की ऑनलाइन उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मुंबई के 141 अस्पतालों में 19,151 बिस्तर हैं।
चहल ने बताया कि 19,151 बिस्तरों में से कोविड-19 के उपचार के लिए समर्पित अस्पतालों में 3,777 बिस्तर खाली हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 12, 2021 11:25 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

