देश की खबरें | न्यायालय ने लाइफ मिशन मामले में शिवशंकर को चिकित्सा आधार पर जमानत दी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उच्चतम न्यायालय ने विदेशी अंशदान(विनियमन) कानून के कथित उल्लंघन के मामले में केरल के मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन के पूर्व प्रधान सचिव एम शिवशंकर को चिकित्सा आधार पर बुधवार को जमानत दे दी।
नयी दिल्ली, दो अगस्त उच्चतम न्यायालय ने विदेशी अंशदान(विनियमन) कानून के कथित उल्लंघन के मामले में केरल के मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन के पूर्व प्रधान सचिव एम शिवशंकर को चिकित्सा आधार पर बुधवार को जमानत दे दी।
न्यायमूर्ति ए एस बोपन्ना और न्यायमूर्ति एम एम सुंदरेश की पीठ ने शिवशंकर को इलाज कराने के लिए दो महीने की राहत दे दी।
पीठ ने कहा, ‘‘मौजूदा मामले में जहां ऑपरेशन के बाद भी उपचार की आवश्यकता होगी तो याचिकाकर्ता को दो महीने की अवधि के लिए चिकित्सीय उपचार के वास्ते जमानत पर रिहा किया जा सकता है।’’
शीर्ष न्यायालय ने शिवशंकर को निर्देश दिया कि वह इस दौरान किसी भी गवाह को प्रभावित नहीं करेंगे।
केंद्र तथा प्रवर्तन निदेशालय की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने जमानत का विरोध किया और कहा कि वह उच्च संवैधानिक पदाधिकारी के बहुत करीब हैं।
केरल उच्च न्यायालय ने 13 अप्रैल को शिवशंकर को जमानत देने से इनकार करते हुए कहा था कि वह सबूतों के साथ छेड़छाड़ कर सकते हैं क्योंकि उनका सत्ताधारी दल और मुख्यमंत्री पर प्रभाव है।
शिवशंकर को ‘‘लाइफ मिशन’’ में एफसीआरए के कथित उल्लंघन के संबंध में 14 फरवरी को गिरफ्तार किया गया था। यह वामपंथी सरकार की एक महत्वाकांक्षी आवासीय परियोजना है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)