देश की खबरें | अदालत ने धन शोधन मामले में सुकेश चंद्रशेखर की ईडी की हिरासत बढ़ाई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली की एक अदालत ने शुक्रवार को प्रमुख उद्यमी मालविंदर सिंह की पत्नी जपना एम सिंह से कथित रूप से चार करोड़ रुपये की जबरन वसूली से जुड़े धनशोधन के मामले में सुकेश चंद्रशेखर की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत तीन दिन के लिए बढ़ा दी।
नयी दिल्ली, 24 फरवरी दिल्ली की एक अदालत ने शुक्रवार को प्रमुख उद्यमी मालविंदर सिंह की पत्नी जपना एम सिंह से कथित रूप से चार करोड़ रुपये की जबरन वसूली से जुड़े धनशोधन के मामले में सुकेश चंद्रशेखर की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत तीन दिन के लिए बढ़ा दी।
न्यायाधीश ने नौ दिन की ईडी हिरासत की अवधि समाप्त होने पर अदालत में पेश किए जाने के बाद कथित ठग की हिरासत बढ़ा दी।
अदालत ने ईडी द्वारा दायर एक आवेदन पर यह आदेश पारित किया जिसमें कहा गया था कि धन के लेन-देन का पता लगाने के लिए उससे पूछताछ करने की आवश्यकता है।
धन शोधन रोधी जांच एजेंसी को सह-आरोपी दीपक रामदानी की पांच दिन की पुलिस रिमांड भी मिली।
मालविंदर सिंह की पत्नी जपना सिंह से कथित रूप से 3.5 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में प्रवर्तन मामले की सूचना रिपोर्ट (ईसीआईआर) दर्ज होने के बाद सुकेश चंद्रशेखर को गिरफ्तार किया गया था। प्राथमिकी की तर्ज पर ईडी ईसीआईआर दर्ज करता है। एक आपराधिक मामले में गिरफ्तार अपने पति को जमानत दिलाने के लिए जपना सिंह ने ये रकम सुकेश चंद्रशेखर को दी थी। सिंह फोर्टिस हेल्थकेयर के पूर्व प्रवर्तक हैं।
शिकायत के अनुसार चंद्रशेखर ने वरिष्ठ सरकारी अधिकारी बनकर जपना एम. सिंह को कई बार फोन किया और उनके पति को जमानत पर रिहा कराने का वादा कर उनसे पैसे वसूले।
ईडी का मामला दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) द्वारा सुकेश चंद्रशेखर के खिलाफ दायर एक प्राथमिकी पर आधारित है, जिस पर मालविंदर के भाई और रेलिगेयर एंटरप्राइजेज के पूर्व प्रवर्तक शिविंदर सिंह की पत्नी अदिति सिंह को ऐसा ही वादा कर धोखा देने का भी आरोप है।
ईडी के मुताबिक, चंद्रशेखर ने कथित तौर पर अदिति सिंह से करीब 200 करोड़ रुपये लिए थे। रेलिगेयर फिनवेस्ट लिमिटेड में धन की कथित हेराफेरी से संबंधित एक मामले में दोनों भाई न्यायिक हिरासत में हैं।
चंद्रशेखर और उनकी अभिनेत्री पत्नी लीना मारिया पॉल दोनों को दिल्ली पुलिस ने सितंबर 2022 में धोखाधड़ी के मामले में उनकी कथित भूमिका के लिए गिरफ्तार किया था।
दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा और ईडी की जांच के दौरान बॉलीवुड अभिनेत्रियों जैकलीन फर्नांडीज और नोरा फतेही के अलावा कई अन्य लोगों के नाम सामने आए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)