देश की खबरें | आतंक के खिलाफ देश एकजुट, सरकार खोखले दावों के बजाय ठोस कदम उठाए: राहुल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले की निंदा करते हुए मंगलवार को कहा कि आतंकवाद के खिलाफ पूरा देश एकजुट है और सरकार को इस केंद्रशासित प्रदेश में हालात सामान्य होने के खोखले दावे करने के बजाय ठोस कदम उठाने चाहिए।
नयी दिल्ली, 22 अप्रैल लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले की निंदा करते हुए मंगलवार को कहा कि आतंकवाद के खिलाफ पूरा देश एकजुट है और सरकार को इस केंद्रशासित प्रदेश में हालात सामान्य होने के खोखले दावे करने के बजाय ठोस कदम उठाने चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार को सुधारात्मक कदम उठाने चाहिए।
पहलगाम में बैसरन नामक घास के मैदान पर हुए आतंकवादी हमले में कम से कम 12 पर्यटक घायल हो गए। बैसरन एक ऐसा मैदान है, जहां केवल पैदल या खच्चरों की मदद से ही पहुंचा जा सकता है।
राहुल गांधी ने कहा कि इस ‘‘कायराना आतंकी हमले’’ में पर्यटकों के मारे जाने और कई लोगों के घायल होने की ख़बर बेहद निंदनीय और दिल दहलाने वाली है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मैं शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं।’’
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ‘‘आतंक के खिलाफ पूरा देश एकजुट है। सरकार जम्मू-कश्मीर में हालात सामान्य होने के खोखले दावों के बजाय अब जवाबदेही लेते हुए ठोस कदम उठाए -ताकि आगे ऐसी बर्बर घटनाएं न होने पाएं और निर्दोष भारतीय यूं अपनी जान न गंवाएं।’’
खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों पर हुए कायराना आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूं। पूरा देश सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ़ एकजुट है। यह कायराना हमला मानवता पर एक धब्बा है। खबरों से पता चलता है कि कई अनमोल जानें चली गई हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी की ओर से पीड़ितों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं घायलों के साथ हैं।’’
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोपरि है और हम भारत सरकार से इसे सुनिश्चित करने के लिए सुधारात्मक उपाय करने का आग्रह करते हैं।’’
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर कायराना आतंकी हमला अत्यंत निंदनीय एवं शर्मनाक कृत्य है। निहत्थे-निर्दोष आम नागरिकों को निशाना बनाना मानवता के खिलाफ अपराध है। यह पूरी तरह अस्वीकार्य है।’’
उन्होंने कहा कि पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है और कड़े स्वर में इसकी निंदा करता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘खबरों के मुताबिक, इस हमले में कई पर्यटक हताहत हुए हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिये प्रार्थना करती हूं।’’
हक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 22, 2025 06:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

