चंडीगढ़, 25 मार्च हरियाणा, पंजाब और दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में सोमवार को होली बड़े उत्साह के साथ मनाई गई.बच्चों ने जहां एक-दूसरे पर रंग-बिरंगे पानी से भरे गुब्बारे फेंके, वहीं बड़ों ने दोस्तों और रिश्तेदारों से मुलाकात की और एकदूसरे को मिठाइयां खिलायी. साथ ही सभी लोगों ने एक-दूसरे के चेहरों पर रंग-गुलाल लगाया.
जहां कुछ लोग मौज-मस्ती करते हुए सड़कों पर मोटरसाइकिलों पर घूम रहे थे, वहीं अन्य संगीत पर नाच रहे थे. अमृतसर के दुर्गियाना मंदिर में आज भारी भीड़ देखी गई.पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित, हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा के उनके समकक्ष नायब सिंह सैनी ने लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं.
पुरोहित ने कहा, "होली का त्योहार वसंत के आगमन और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है. जैसे वसंत की शुरुआत वातावरण को रहस्यमय आकर्षण और सुगंध से भर देती है, वैसे ही रंगों का यह जीवंत त्योहार सभी सामाजिक बाधाओं को पार कर सामाजिक सद्भाव को मजबूत करे तथा पंजाब और चंडीगढ़ के लोगों के जीवन में खुशी, आशा और खुशहाली लाए.''
दत्तात्रेय ने लोगों से रंगों के त्योहार को प्रेम, आनंद और करुणा के साथ मनाने का आग्रह किया.
मान ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, "ईश्वर सभी के जीवन को खुशियों के रंगों से भर दे और आपसी प्रेम और भाईचारा बनाए रखे."यहां अपने सरकारी आवास पर त्योहार मनाने वाले नायब सैनी ने कहा कि होली का त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है.उन्होंने लोगों से इस त्योहार को सौहार्द, सद्भावना और भाईचारे की सच्ची भावना से मनाने की अपील की.
सैनी के आवास पर मौजूद लोगों में हरियाणा के मंत्री कंवर पाल, राज्य विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता भी शामिल थे.रविवार को भाजपा में शामिल हुए उद्योगपति और कांग्रेस के पूर्व सांसद नवीन जिंदल ने सोमवार को यहां मुख्यमंत्री सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री खट्टर से मुलाकात की और उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं.
सैनी से मुलाकात के बाद जिंदल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, " पिता (दिवंगत) श्री ओ पी जिंदल जी के दिखाए रास्ते पर चलते हुए हमारे लिए राजनीति हमेशा सेवा का माध्यम रही है."
खट्टर ने पंचकूला स्थित पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ होली मनाई.दोनों राज्यों और चंडीगढ़ में पुलिस ने सुरक्षित और आनंदमय होली सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए थे.
हुड़दंग के खिलाफ चेतावनी जारी की गई, जबकि तेज गति और लापरवाही से गाड़ी चलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कई स्थानों पर यातायात और स्थानीय पुलिस तैनात की गई.
इस बीच पंजाब के आनंदपुर साहिब में सिख समुदाय के त्योहार होल्ला मोहल्ला के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. उन्होंने तख्त श्री केसगढ़ साहिब में अरदास की.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY