एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | महंगी सब्जियों ने दिसंबर में खुदरा मुद्रास्फीति को चार महीने के उच्च स्तर 5.69 प्रतिशत पर पहुंचाया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. खुदरा महंगाई में तेजी का दौर जारी है। सब्जी, दाल और मसालों के महंगा होने से दिसंबर में खुदरा मुद्रास्फीति तेजी से बढ़कर चार महीनों के उच्च स्तर 5.69 प्रतिशत पर पहुंच गयी।

जरुरी जानकारी | महंगी सब्जियों ने दिसंबर में खुदरा मुद्रास्फीति को चार महीने के उच्च स्तर 5.69 प्रतिशत पर पहुंचाया

नयी दिल्ली, 12 जनवरी खुदरा महंगाई में तेजी का दौर जारी है। सब्जी, दाल और मसालों के महंगा होने से दिसंबर में खुदरा मुद्रास्फीति तेजी से बढ़कर चार महीनों के उच्च स्तर 5.69 प्रतिशत पर पहुंच गयी।

उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) पर आधारित मुद्रास्फीति नवंबर, 2023 में 5.55 प्रतिशत और दिसंबर, 2022 में 5.72 प्रतिशत रही थी।

राष्ट्रीय सांख्यिकीय कार्यालय (एनएसओ) के आंकड़ों के अनुसार, खाद्य वस्तुओं की खुदरा मुद्रास्फीति दिसंबर, 2023 में बढ़कर 9.53 प्रतिशत हो गयी जो इससे पिछले महीने 8.7 प्रतिशत और एक साल पहले के इसी महीने में 4.9 प्रतिशत थी।

इससे पहले, बीते साल अगस्त में मुद्रास्फीति 6.83 प्रतिशत के उच्च स्तर पर पहुंच गयी थी।

ताजा आंकड़ों के अनुसार सब्जियों की महंगाई दिसंबर में सालाना आधार पर 27.64 प्रतिशत रही। उसके बाद दाल और मसालों में कीमत वृद्धि क्रमश: 20.73 प्रतिशत और 19.69 प्रतिशत थी।

हालांकि आलोच्य अवधि में तेल और वसा की कीमतों में 14.96 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

खुदरा मुद्रास्फीति दिसंबर में ग्रामीण क्षेत्रों में 5.93 प्रतिशत रही जबकि शहरी क्षेत्र में यह 5.46 प्रतिशत थी। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य वस्तुओं की महंगाई शहरी क्षेत्रों के मुकाबले कम रही।

आंकड़ों पर अपनी प्रतिक्रिया में इक्रा रेटिंग्स की मुख्य अर्थशास्त्री अदिति नायर ने कहा, ‘‘मासिक आधार पर उपभोक्ता मूल्य सूचकांक मुद्रास्फीति में वृद्धि का कारण खाद्य और पेय पदार्थों की कीमतों में तेजी है। अन्य उप-समूहों में या तो दाम नरम हुए हैं या फिर सालाना आधार पर लगभग स्थिर हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘महंगाई बढ़ाने में खाद्य वस्तुओं में उम्मीद के अनुरूप सब्जियों की भूमिका सबसे ज्यादा रही...।’’

भारतीय रिजर्व बैंक मौद्रिक नीति समीक्षा पर विचार करते समय मुख्य रूप से खुदरा मुद्रास्फीति को ध्यान में रखता है। उसे मुद्रास्फीति दो प्रतिशत घट-बढ़ के साथ चार प्रतिशत पर रखने की जिम्मेदारी मिली हुई है।

एनएसओ के आंकड़ों के अनुसार दिसंबर में दिल्ली में सबसे कम 2.95 प्रतिशत मुद्रास्फीति रही जबकि सबसे अधिक 8.73 प्रतिशत मुद्रास्फीति ओड़िशा में रही।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 12, 2024 08:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).