कोरोना वायरस : इंदौर में मृतकों की संख्या 95 पर पहुंची, संक्रमितों की संख्या 2,100 के पार
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने बुधवार को बताया कि कोविड-19 से संक्रमित 66 वर्षीय पुरुष, 52 वर्षीय महिला और 45 वर्षीय महिला ने यहां सोमवार को अलग-अलग अस्पतालों में आखिरी सांस ली।
इंदौर (मध्यप्रदेश), 13 मई देश में कोरोना वायरस के प्रकोप से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में इस महामारी से तीन और मरीजों की मौत की पुष्टि की गयी है। इसके साथ ही, जिले में इस महामारी की चपेट में आकर दम तोड़ने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 95 पर पहुंच गयी है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने बुधवार को बताया कि कोविड-19 से संक्रमित 66 वर्षीय पुरुष, 52 वर्षीय महिला और 45 वर्षीय महिला ने यहां सोमवार को अलग-अलग अस्पतालों में आखिरी सांस ली।
उन्होंने बताया कि कोविड-19 से दम तोड़ने वाले तीनों मरीज मधुमेह, उच्च रक्तचाप और अन्य पुरानी बीमारियों से पहले ही जूझ रहे थे।
सीएमएचओ ने बताया कि जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस के 91 और मरीज मिले हैं। इसके बाद इस महामारी की जद में आये लोगों की तादाद 2,016 से बढ़कर 2,107 पर पहुंच गयी है। हालांकि, इनमें से 988 मरीजों को इलाज के बाद संक्रमणमुक्त होने पर अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।
रेड जोन में शामिल इंदौर जिले में बुधवार सुबह की स्थिति में कोविड-19 के मरीजों की मृत्यु दर 4.51 प्रतिशत दर्ज की गयी। पिछले 18 दिन से जिले में यह दर पांच प्रतिशत से कम बनी हुई है।
इंदौर में कोरोना वायरस का पहला मरीज मिलने के बाद से प्रशासन ने 25 मार्च से शहरी सीमा में कर्फ्यू लगा रखा है, जबकि जिले के अन्य स्थानों पर सख्त लॉकडाउन लागू है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 13, 2020 10:45 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

