इंदौर में कोरोना वायरस संक्रमित मृतकों का आंकड़ा पहुंचा 72, मरीजों की संख्या 1500 के पार
एक मई देश में कोरोना वायरस के प्रकोप से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में इस महामारी से चार और मरीजों की मौत की पुष्टि की गयी है. इसके बाद जिले में इस वायरस के संक्रमण के बाद दम तोड़ने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 72 पहुंच गयी है.
इंदौर: एक मई देश में कोरोना वायरस (Corona Virus) के प्रकोप से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर (Indore) में इस महामारी से चार और मरीजों की मौत की पुष्टि की गयी है. इसके बाद जिले में इस वायरस के संक्रमण के बाद दम तोड़ने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 72 पहुंच गयी है. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) प्रवीण जड़िया ने शुक्रवार को बताया कि कोविड-19 से संक्रमित पाये गये चार मरीजों की शहर के अस्पतालों में पिछले दो दिन के दौरान मौत हुई.
इनमें 95 वर्षीय महिला, 75 वर्षीय पुरुष, 55 वर्षीय पुरुष और 42 वर्षीय पुरुष शामिल हैं. उन्होंने बताया कि ये मरीज उच्च रक्तचाप, टीबी, श्वसन तंत्र संबंधी रोग (सीओपीडी) और अन्य बीमारियों से पहले ही जूझ रहे थे. सीएमएचओ ने बताया कि पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 28 और मरीज मिलने के बाद जिले में इस महामारी की जद में आये लोगों की तादाद 1,485 से बढ़कर 1,513 पर पहुंच गयी है.
यह भी पढ़ें: अमेरिकी सांसद ने की भारत की तारीफ, कहा- कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में अगुवा के तौर पर आया सामने
इनमें से 242 मरीजों को इलाज के बाद संक्रमण मुक्त होने पर अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है. ताजा आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि शुक्रवार सुबह की स्थिति में जिले में कोविड-19 के मरीजों की मृत्यु दर 4.76 प्रतिशत थी. इंदौर में कोरोना वायरस का पहला मरीज मिलने के बाद से प्रशासन ने 25 मार्च से शहरी सीमा में कर्फ्यू लगा रखा है, जबकि जिले के अन्य स्थानों पर सख्त लॉकडाउन लागू है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 01, 2020 09:45 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

