कोरोना वायरस : इंदौर में मृतकों का आंकड़ा 32 पर पहुंचा, संक्रमितों की संख्या 300 पार
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी प्रवीण जड़िया ने संवाददाताओं को बताया कि शहर के अलग-अलग इलाकों में रहने वाले 70 वर्षीय और 65 वर्षीय दो पुरुषों की एक सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई है।
इंदौर (मध्यप्रदेश), 12 अप्रैल देश में कोरोना वायरस के प्रकोप से सबसे ज्यादा प्रभावित शहरों में शामिल इंदौर में 70 वर्षीय बुजुर्ग समेत दो और व्यक्तियों की कोविड-19 से मौत होने का खुलासा रविवार को हुआ। इसके साथ ही, शहर में इस संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 32 तक पहुंच गयी है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी प्रवीण जड़िया ने संवाददाताओं को बताया कि शहर के अलग-अलग इलाकों में रहने वाले 70 वर्षीय और 65 वर्षीय दो पुरुषों की एक सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई है।
उन्होंने दोनों मरीजों की मौत की तारीख का हालांकि खुलासा नहीं किया। लेकिन बताया, "दोनों मरीजों की मौत के बाद प्रयोगशाला से आयी जांच रिपोर्ट में वे कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गये हैं।"
जड़िया ने यह भी बताया कि शहर में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के आठ नये मरीज मिले। इनमें 16 वर्षीय लड़का और 80 वर्षीय वृद्धा शामिल हैं।
नये मामलों के बाद शहर में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 298 से बढ़कर 306 पर पहुंच गयी है। इनमें से 32 लोगों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। यानि फिलहाल शहर में कोविड-19 के मरीजों की मृत्यु दर 10.46 प्रतिशत है।
आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि शहर में कोविड-19 के मरीजों की मृत्यु दर पिछले कई दिन से राष्ट्रीय स्तर के मुकाबले कहीं ज्यादा बनी हुई है।
इस बीच, शहर के शासकीय मनोरमा राजे टीबी (एमआरटीबी) चिकित्सालय में भर्ती तीन महिलाओं और चार पुरुषों मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी। इन मरीजों की लगातार दो बार कोरोना वायरस की जांच रिपोर्ट निगेटिव आयी है।
इसके साथ ही, शहर के अस्पतालों में इलाज के बाद इस संक्रमण से मुक्त होने वाले मरीजों की तादाद बढ़कर 35 पर पहुंच गयी है।
कोरोना वायरस के मरीज मिलने के बाद से प्रशासन ने 25 मार्च से शहरी सीमा में कर्फ्यू लगा रखा है।
हर्ष
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 12, 2020 08:23 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

