एजेंसी न्यूज

कोरोना वायरस : इंदौर में मृतकों की संख्या 79 हुई, कुल 1,654 संक्रमित

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने मंगलवार को बताया कि कोविड-19 से संक्रमित 45 वर्षीय महिला और 64 वर्षीय पुरुष ने शहर के एक निजी अस्पताल में आखिरी सांस ली।

कोरोना वायरस : इंदौर में मृतकों की संख्या 79 हुई, कुल 1,654 संक्रमित
जमात

इंदौर (मध्यप्रदेश), पांच मई देश में कोरोना वायरस के प्रकोप से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में इस महामारी से दो और मरीजों की मौत हो गयी है। इसके साथ ही, जिले में वायरस के संक्रमण के बाद दम तोड़ने वाले मरीजों की तादाद बढ़कर 79 पर पहुंच गयी है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने मंगलवार को बताया कि कोविड-19 से संक्रमित 45 वर्षीय महिला और 64 वर्षीय पुरुष ने शहर के एक निजी अस्पताल में आखिरी सांस ली।

उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस की शिकार महिला पहले से ही मधुमेह और उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) से जूझ रही थी, जबकि पुरुष किडनी की बीमारी से पीड़ित था।

सीएमएचओ ने बताया कि जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस के 43 और मरीज मिलने के बाद इस महामारी की जद में आये लोगों की तादाद 1,611 से बढ़कर 1,654 पर पहुंच गयी है। इनमें से 468 मरीजों को इलाज के बाद स्वस्थ होने पर अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।

ताजा आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि रेड जोन में शामिल इंदौर जिले में मंगलवार सुबह की स्थिति में कोविड-19 के मरीजों की मृत्यु दर 4.78 प्रतिशत थी।

हालांकि, 26 दिन पहले की स्थिति की तुलना में इस मृत्यु दर में 5.55 फीसद की बड़ी गिरावट देखी गई है। प्रदेश सरकार के आंकड़ों के मुताबिक नौ अप्रैल की सुबह की स्थिति में जिले में कोविड-19 के मरीजों की मृत्यु दर 10.33 प्रतिशत थी।

इंदौर में कोरोना वायरस का पहला मरीज मिलने के बाद से प्रशासन ने 25 मार्च से शहरी सीमा में कर्फ्यू लगा रखा है, जबकि जिले के अन्य स्थानों पर सख्त लॉकडाउन लागू है।

हर्ष

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 05, 2020 08:50 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).