कोरोना वायरस : इंदौर में मृतकों की संख्या 77 हुई, संक्रमण के कुल मामले 1,611 पर पहुंचे
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि कोविड-19 से संक्रमित 82 वर्षीय पुरुष ने रविवार को एक निजी अस्पताल में आखिरी सांस ली। वह मधुमेह और श्वसन तंत्र संबंधी रोग (सीओपीडी) से पहले ही जूझ रहा था।
इंदौर (मध्यप्रदेश), चार मई देश में कोरोना वायरस के प्रकोप से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में सोमवार को इस वैश्विक महामारी से 82 वर्षीय मरीज की मौत हो गई। इसके साथ ही जिले में इस वायरस के संक्रमण से मरने वाले मरीजों की तादाद बढ़कर 77 पर पहुंच गयी है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि कोविड-19 से संक्रमित 82 वर्षीय पुरुष ने रविवार को एक निजी अस्पताल में आखिरी सांस ली। वह मधुमेह और श्वसन तंत्र संबंधी रोग (सीओपीडी) से पहले ही जूझ रहा था।
सीएमएचओ ने बताया कि रेड जोन में शामिल जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस के 43 और मरीज मिलने के बाद इस महामारी की जद में आये लोगों की तादाद 1,568 से बढ़कर 1,611 पर पहुंच गयी है। इनमें से 362 मरीजों को इलाज के बाद ठीक होने पर अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।
उन्होंने बताया, "स्थानीय अस्पतालों के कोविड-19 वॉर्ड से सोमवार को 100 से ज्यादा मरीजों को छुट्टी दी जायेगी। इलाज के बाद वे इस महामारी के संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं।"
सीएमएचओ ने जिले में कोविड-19 की स्थिति नियंत्रण में होने का दावा करते हुए कहा, "अगर आम लोगों ने लॉकडाउन के तीसरे चरण में सरकारी हिदायतों का पूरी तरह पालन किया, तो जिले में इस महामारी के हालात में और सुधार होगा।"
इंदौर जिले की आबादी 35 लाख से ज्यादा है। जड़िया ने दावा किया कि कोविड-19 के सर्वेक्षण के दौरान जिले के 28.33 लाख लोगों तक पहुंचा जा चुका है।
उन्होंने बताया, "हमने सर्वेक्षण के दौरान सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार और सांस लेने में दिक्कत के लक्षणों के आधार पर करीब 9,000 लोगों को छांटा है। कोविड-19 की जांच के लिये इनके नमूने लिये जाने का अभियान सोमवार से शुरू कर दिया गया है।"
ताजा आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि सोमवार सुबह की स्थिति में जिले में कोविड-19 के मरीजों की मृत्यु दर 4.78 प्रतिशत थी। हालांकि, पिछले 25 दिन के दौरान इसमें बड़ी गिरावट दर्ज की गयी है।
इंदौर में प्रशासन ने 25 मार्च से शहरी सीमा में कर्फ्यू लगा रखा है जबकि जिले के अन्य स्थानों में सख्त लॉकडाउन लागू है।
इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि लॉकडाउन के सोमवार से शुरू हुए तीसरे चरण में भी जिले में प्रशासन के पुराने प्रतिबंधात्मक आदेश प्रभावी रहेंगे और निजी संस्थान व कार्यालय, दुकानें, पब, बार, शराब के ठेके आदि खोले जाने की अनुमति नहीं दी जायेगी। सभी धर्मस्थल भी श्रद्धालुओं के लिये पूर्ण रूप से बंद रहेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 04, 2020 12:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

