बिहार में कोरोना वायरस मामलों की संख्या बढकर 136 हुई
स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बुधवार को बताया कि पटना में आठ, नालंदा और पूर्वी चंपारण में एक-एक मामले आए हैं ।
पटना, 22 अप्रैल बिहार में बुधवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 10 नये मामलों के सामने आने के साथ ही प्रदेश में कोविड-19 मरीजों की संख्या बढकर 136 हो गयी है।
स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बुधवार को बताया कि पटना में आठ, नालंदा और पूर्वी चंपारण में एक-एक मामले आए हैं ।
उन्होंने बताया कि पटना में सामने आए आठ मामलों में छह पुरुष तथा दो महिलाएं हैं ।
उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस के जो नए मामले सामने आए हैं, उनके संपर्क के बारे में पता लगाया जा रहा है।
गौरतलब है कि पटना एम्स में कोरोना वायरस संक्रमित मुंगेर जिला निवासी एक मरीज की गत 21 मार्च को तथा वैशाली जिला निवासी एक मरीज की शुक्रवार को मौत हो गयी थी ।
बिहार के कुल 38 जिलों में से 16 जिलों में कोविड-19 के मामले प्रकाश में आए हैं ।
सिवान और नालंदा में सबसे अधिक 29-29 मामले सामने आए हैं जबकि कोरोना मुंगेर में 27, पटना में 16, बेगूसराय में नौ, बक्सर में आठ, गया में पांच, गोपालगंज एवं नवादा में तीन—तीन तथा सारण, लखीसराय, भागलपुर, वैशाली, भोजपुर, रोहतास एवं पूर्वी चंपारण में एक—एक मामले प्रकाश में आए हैं ।
ओमान से लौटे सिवान निवासी एक मरीज के संपर्क में आने से अबतक 23 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है ।
उल्लेखनीय है कि बिहार में एक महीने पूर्व 22 मार्च को कोरोना वायरस संक्रमण का पहला मामला प्रकाश में आया था ।
बिहार में अब तक 12978 नमूनों की जांच की जा चुकी है और 42 मरीज ठीक भी हुए हैं।
अनवर
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 22, 2020 04:35 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

