कोरोना वायरस : इंदौर में मृतकों की संख्या 57 हुई, 56 नये मरीज
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने शनिवार को बताया कि शहर में पिछले तीन दिन में कोरोना वायरस संक्रमण से 75 वर्षीय पुरुष और 55 वर्षीय पुरुष की मौत हुई।
इंदौर (मध्यप्रदेश), 25 अप्रैल देश में कोरोना वायरस के प्रकोप से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में इस महामारी से दो और मरीजों की मौत की पुष्टि की गयी है। नतीजतन जिले में महामारी की जद में आने के बाद दम तोड़ने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 57 पर पहुंच गयी है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने शनिवार को बताया कि शहर में पिछले तीन दिन में कोरोना वायरस संक्रमण से 75 वर्षीय पुरुष और 55 वर्षीय पुरुष की मौत हुई।
उन्होंने बताया कि दोनों मरीज शहर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती थे। इनमें से एक व्यक्ति को दमे की पुरानी समस्या थी।
सीएमएचओ ने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान जिले में कोविड-19 के 56 नये मरीज मिलने के बाद इनकी तादाद 1,029 से बढ़कर 1,085 पर पहुंच गयी है। इनमें से 107 मरीजों को इलाज के बाद स्वस्थ होने पर अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।
आंकड़ों की गणना के मुताबिक जिले में कोविड-19 के मरीजों की मरीजों की मृत्यु दर शनिवार सुबह तक की स्थिति में 5.25 प्रतिशत थी। जिले में इस महामारी के मरीजों की मृत्यु दर पिछले कई दिन से राष्ट्रीय औसत से ज्यादा बनी हुई है।
इंदौर में कोरोना वायरस का पहला मरीज मिलने के बाद से प्रशासन ने 25 मार्च से शहरी सीमा में कर्फ्यू लगा रखा है, जबकि जिले के अन्य स्थानों पर सख्त लॉकडाउन लागू है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 25, 2020 09:37 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

