देश की खबरें | शादी समारोह से फैला कोरोना,प्रशासन ने लगाया छह लाख रुपये का जुर्माना

जयपुर, 27 जून राजस्थान के भीलवाड़ा में कोरोना वायरस की महामारी के दौरान एक शादी में शामिल हुए कई लोगों की जान पर बन आई है। इस शादी में शामिल हुए 16 लोगों के अब तक संक्रमित होने की पुष्टि हो चुकी हैं जिनमें से एक की मौत हो गयी है जबकि 58 लोग पृथकवास में हैं।

जिला प्रशासन ने न केवल परिवार के खिलाफ मामला दर्ज किया है बल्कि छह लाख रुपये से अधिक का जुर्माना भी तीन दिन में भरने को कहा है। दरअसल शहर के भदादा मोहल्ले में घीसूलाल राठी के बेटे रिजुल की शादी 13 जून को हुई थी। परिवार वालों ने प्रशासन से मंजूरी ली तो उन्हें अधिक से अधिक 50 लोगों को बुलाने की शर्त पर अनुमति दी गयी, लेकिन शादी में निर्धारित संख्या से अधिक लोग शामिल हुए।

यह भी पढ़े | हरियाणा में कोरोना के 543 नए मामले सामने आए: 27 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

सबसे बड़ी दिक्कत तब शुरू हुई जब बाद में दूल्हे सहित 16 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। इनमें से एक संक्रमित की मौत हो चुकी है। उल्लेखनीय है कि कोरोना वायरस संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए 'भीलवाड़ा मॉडल' की चर्चा देश भर में हुई थी।

जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए परिवार के खिलाफ आपदा प्रबंधन कानून की धारा-51 व आम लोगों का जीवन खतरे में डालने के लिए भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करवाया है।

यह भी पढ़े | हरियाणा के रोहतक में लगातार दूसरे दिन भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 2.4 आंकी गई तीव्रता.

जिलाधिकारी राजेंद्र भट्ट द्वारा जारी आदेश के अनुसार शादी में 50 से ज्यादा लोगों को आमंत्रित किया गया और शादी कार्यक्रम के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के नियमों (सामाजिक दूरी, मास्क पहनने) का भी पालन नहीं किया गया।

इस शादी में शामिल लोगों में संक्रमण का पहला मामला 19 जून को सामने आया जबकि अब तक कुल 16 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हो चुकी है जिनमें से एक की मौत भी हो चुकी है। इससे जुड़े और लोगों के संक्रमित होने की आशंका बनी हुई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)