हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और 100 से ज्यादा पत्रकारों की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव
जमात

चंडीगढ़, एक मई हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने शुक्रवार को बताया कि राज्य के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और 100 से ज्यादा पत्रकार कोरोना वायरस संक्रमण की जांच में निगेटिव पाए गए हैं।

हालांकि चौटाला में संक्रमण के कोई लक्षण नहीं थे लेकिन उन्होंने बुधवार को जांच कराई थी ताकि लोगों के मन से इस जांच को लेकर डर दूर किया जा सके।

विज ने बताया कि चौटाला और इलेक्ट्रॉनिक तथा प्रिंट मीडिया के संवाददाता, फोटो पत्रकार और वीडियो पत्रकारों की जांच हुई और सभी की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है।

महाराष्ट्र और दिल्ली के कुछ पत्रकारों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि के बाद विज ने चंडीगढ़ में बुधवार को पत्रकारों के लिए जांच की व्यवस्था की थी।

विज ने कहा कि पत्रकार भी इस लड़ाई में अग्रिम मोर्चे पर हैं।

विधायक होस्टल दवाईखाने के विशेष शिविर में हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग द्वारा नमूने लिए गए। यह शिविर विभाग द्वारा पत्रकारों के लिए लगाया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)