देश की खबरें | कर्नाटक के सरकारी विद्यालय में कुछ विद्यार्थियों के मध्याह्न भोजन लेने से इनकार करने पर विवाद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक के तुमकुरु जिले में कुछ कार्यकर्ताओं ने बुधवार को आरोप लगाया कि सिरा तालुका में स्थित एक सरकारी स्कूल में कुछ बच्चों ने मध्याह्न भोजन लेने से इसलिए इनकार कर दिया क्योंकि 'खाना एक दलित महिला ने पकाया' था। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने इस आरोप को सिरे से खारिज किया है।
तुमकुरु, 13 दिसंबर कर्नाटक के तुमकुरु जिले में कुछ कार्यकर्ताओं ने बुधवार को आरोप लगाया कि सिरा तालुका में स्थित एक सरकारी स्कूल में कुछ बच्चों ने मध्याह्न भोजन लेने से इसलिए इनकार कर दिया क्योंकि 'खाना एक दलित महिला ने पकाया' था। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने इस आरोप को सिरे से खारिज किया है।
नारागोंदानाहल्ली के एक सरकारी स्कूल में कुछ विद्यार्थियों ने कथित रूप से भोजन लेने से इनकार कर दिया था।
गांव के दलित कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि विद्यालय विकास एवं निगरानी समिति (एसडीएमसी) के अध्यक्ष एवं सदस्यों के बच्चे अपना अलग खाने का डिब्बा लेकर आए थे क्योंकि ‘खाना बनाने वाली महिला अछूत समुदाय की थी’।
घटना के तुरंत बाद खंड शिक्षा अधिकारी के साथ सहायक निदेशक (मध्याह्न भोजन) स्कूल पहुंचे और मामले के पीछे के कारणों को जानने की कोशिश की।
मध्याह्न भोजन कार्यक्रम के प्रभारी और शिक्षा विभाग के अधिकारी के मुताबिक, पांच बच्चों ने विद्यार्थियों को परोसे जाने वाला मुफ्त भोजन को लेने से इनकार कर दिया था।
अधिकारी ने कहा, ''हमने स्कूल में भोजन नहीं लेने वाले पांचों बच्चों के परिजनों और शिक्षकों से जानकारी एकत्रित की है। जब हमने कारण पूछा तो उन्होंने कहा कि खाना खाने के बाद बच्चों को मतली हो जाती है। हालांकि निहित स्वार्थों के लिए मामले को एक अलग रंग दिया गया। जाति आधारित भेदभाव जैसी कोई चीज नहीं है।''
उन्होंने परिजनों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का हवाला देते हुए कहा कि वे स्कूल प्राधिकारियों द्वारा परोसे जाने वाले मध्याह्न भोजन को लेने के पक्ष में हैं।
अधिकारी ने कहा, ''आखिरकार शिक्षकों, विद्यार्थियों, पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्कूल में साथ बैठकर भोजन किया।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)