एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | बंगाल के सिंचाई मंत्री की 'छोटी घटना' संबंधी टिप्पणी से विवाद उत्पन्न

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कोलकाता के एक कॉलेज में एक छात्रा के साथ कथित सामूहिक बलात्कार की घटना को लेकर आक्रोश के बीच, पश्चिम बंगाल के सिंचाई मंत्री मानस भुइयां द्वारा "छोटी घटनाएं" टिप्पणी किये जाने से मंगलवार को विवाद पैदा हो गया।

देश की खबरें | बंगाल के सिंचाई मंत्री की 'छोटी घटना' संबंधी टिप्पणी से विवाद उत्पन्न

कोलकाता, एक जुलाई कोलकाता के एक कॉलेज में एक छात्रा के साथ कथित सामूहिक बलात्कार की घटना को लेकर आक्रोश के बीच, पश्चिम बंगाल के सिंचाई मंत्री मानस भुइयां द्वारा "छोटी घटनाएं" टिप्पणी किये जाने से मंगलवार को विवाद पैदा हो गया।

भुइयां की टिप्पणी के बाद विपक्ष ने पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर असंवेदनशील होने और अपराध को कमतर करने का आरोप लगाया।

हाल ही में कोलकाता में चिकित्सकों के एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए भुइयां ने अपने भाषण में कहा था, ‘‘बंगाल में, एक छोटी सी घटना भी बड़े हंगामे का कारण बन जाती है।"

हालांकि, बाद में मंत्री ने स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणी को "गलत समझा गया" और "गलत तरीके से उद्धृत" किया गया।

उनके बयान वाला एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर सामने आयी और मीडिया के एक वर्ग द्वारा इसकी रिपोर्टिंग की गई, जिसके बाद विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अन्य ने इसकी कड़ी आलोचना की, जिन्होंने टिप्पणी को 25 जून को साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज के अंदर प्रथम वर्ष की छात्रा के साथ हुए सामूहिक बलात्कार से जोड़ा।

हालांकि, वीडियो की प्रामाणिकता की पीटीआई पुष्टि नहीं कर सका है।

भुइयां ने कहा था, ‘‘एक छोटी सी घटना हुई और उसके इर्द-गिर्द बहुत हंगामा हो रहा है। क्या मुख्यमंत्री ने कभी किसी घटना को दबाया है? आरजी कर अस्पताल प्रकरण के दौरान, पुलिस जांच के बाद सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) भी आगे नहीं बढ़ सकी, वह (ममता) इतनी सक्रिय थीं।"

मंत्री की टिप्पणी की विपक्षी नेताओं ने तीखी आलोचना की, जिन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ पार्टी और उसके नेता सामूहिक बलात्कार की गंभीरता को कमतर करने का प्रयास कर रहे हैं।

बढ़ते विरोध का सामना करते हुए, भुइयां ने मंगलवार शाम को संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया, जिसमें उन्होंने कहा कि उनकी "छोटी घटना" संबंधी टिप्पणी किसी भी तरह से दक्षिण कोलकाता के कस्बा इलाके में स्थित लॉ कॉलेज में हुई घटना से जुड़ी नहीं है।

उन्होंने कहा, "मैंने कस्बा की घटना का कभी उल्लेख नहीं किया। जो लोग इस तरह के संबंध जोड़ रहे हैं, वे दुर्भावनापूर्ण इरादे से ऐसा कर रहे हैं। मेरी टिप्पणी केवल स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र की चुनौतियों के बारे में थी। मैं कस्बा की घटना की कड़ी निंदा करता हूं।’’

उनके स्पष्टीकरण के बावजूद, भाजपा ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब टीएमसी के किसी नेता ने कस्बा मामले के मद्देनजर विवादास्पद बयान दिया हो।

भाजपा नेता समिक भट्टाचार्य ने कहा, "मानस भुइयां ने केवल अपनी पार्टी के विचार को दोहराया है। टीएमसी समाज और महिलाओं के खिलाफ अपराधों को इसी तरह देखती है। उनका बयान सत्तारूढ़ दल के वास्तविक चरित्र को दर्शाता है।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 01, 2025 11:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).