देश की खबरें | महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख पटोले के पैर धुलने का वीडियो सामने आने के बाद विवाद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की महाराष्ट्र ईकाई के प्रमुख नाना पटोले का अकोला जिले में कार से उतरने के बाद एक कार्यकर्ता द्वारा पैर धोए जाने का वीडियो सामने आने के बाद विवाद शुरू हो गया है जिसमें सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पटोले पर पार्टी कार्यकर्ताओं का "अपमान" करने का आरोप लगाया है।
अकोला, 18 जून कांग्रेस की महाराष्ट्र ईकाई के प्रमुख नाना पटोले का अकोला जिले में कार से उतरने के बाद एक कार्यकर्ता द्वारा पैर धोए जाने का वीडियो सामने आने के बाद विवाद शुरू हो गया है जिसमें सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पटोले पर पार्टी कार्यकर्ताओं का "अपमान" करने का आरोप लगाया है।
यह घटना सोमवार को उस समय की है जब पटोले एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए जिले के वाडेगांव में थे।
वीडियो में देखा जा सकता है कि कांग्रेस नेता के वाहन से उतरने पर पार्टी कार्यकर्ता उनके पैर पर पानी डाल अपने हाथ से उन्हें साफ कर रहा है।
इस घटना के बाद शुरू हुए विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए पटोले ने कहा कि संत गजानन महाराज पदयात्रा में शामिल होने के बाद उनके पैर धूल-मिट्टी से सन गये थे।
उन्होंने कहा कि आस-पास कोई नल नहीं होने के कारण एक कार्यकर्ता ने उनके पैरों पर बोतल से पानी डाला।
पटोले ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसान कर्ज के बोझ तले दबे हैं और उन्हें इस दुर्दशा से बाहर निकालने की जरूरत है, लेकिन सरकार को इसकी चिंता नहीं है।
पटोले पर निशाना साधते हुए मुंबई भाजपा ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर वीडियो अपलोड करते हुए कहा, "कितना दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस बार-बार उन कार्यकर्ताओं का अपमान कर रही है जिनकी ताकत का इस्तेमाल वह चुनाव लड़ने के लिए करती है।"
इसमें कहा गया कि यह बहुत शर्मनाक है कि कांग्रेस के महाराष्ट्र प्रमुख नाना पटोले ने एक कार्यकर्ता से अपने कीचड़ से सने पैर धुलवाए।
भाजपा नेता चित्रा वाघ ने भी इस घटना को लेकर पटोले पर निशाना साधा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)