देश की खबरें | राष्ट्रीय सुरक्षा एवं हितों पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाले कार्यों में लिप्त संविदा कर्मी गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गाजियाबाद पुलिस आयुक्तालय के क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस थाने की एक टीम ने राष्ट्रीय सुरक्षा एवं हितों पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाले कार्यों में लिप्त वित्त मंत्रालय के एक अनुबंधित कर्मी को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
गाजियाबाद (उप्र), 11 जुलाई गाजियाबाद पुलिस आयुक्तालय के क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस थाने की एक टीम ने राष्ट्रीय सुरक्षा एवं हितों पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाले कार्यों में लिप्त वित्त मंत्रालय के एक अनुबंधित कर्मी को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपी को एक महिला को आधिकारिक रहस्य बताने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
ग्रामीण क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) शुभम पटेल ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान भीम नगर निवासी नवीन पाल (27) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि पाल को ताज राजमार्ग पर शनि मंदिर के पास एक गुप्त सूचना के बाद सोमवार शाम करीब सात बजे गिरफ्तार किया गया।
पटेल ने यह भी बताया कि पुलिस ने कुछ आधिकारिक दस्तावेज और एक मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल वह गुप्त जानकारी देने के लिए कर रहा था।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी के पास से एक संदिग्ध मोबाइल नंबर मिला, जिसमें कोलकाता की अंजलि का नाम था। उसके अनुसार आरोपी व्हाट्सएप संदेशों और वीडियो कॉलिंग के माध्यम से गोपनीय सूचनाओं को इस महिला के साथ साझा कर रहा था।
डीसीपी ने कहा, "गुप्त दस्तावेज और सूचना देने के बदले में आरोपी को ऑनलाइन धन प्राप्त हुआ और कुछ बैंक लेनदेन का सत्यापन किया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम और आईटी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।"
पुलिस ने आरोपी के पास से 61 पन्नों का दस्तावेज और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)