देश की खबरें | देश के 27 शहरों में 1,058 किमी लंबे मेट्रो नेटवर्क का निर्माण कार्य चल रहा: हरदीप सिंह पुरी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को कहा कि देश भर में शहरी परिवहन को सुदृढ़ करने के लिए 27 शहरों में 1,058 किलोमीटर लंबे मेट्रो नेटवर्क का निर्माण कार्य चल रहा है।
नयी दिल्ली, छह अगस्त केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को कहा कि देश भर में शहरी परिवहन को सुदृढ़ करने के लिए 27 शहरों में 1,058 किलोमीटर लंबे मेट्रो नेटवर्क का निर्माण कार्य चल रहा है।
दिल्ली मेट्रो की ‘पिंक लाइन’ पर मयूर विहार पॉकेट 1 और त्रिलोकपुरी संजय झील स्टेशनों के बीच 1.5 किमी लंबे खंड का वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए उद्घाटन करने के बाद पुरी ने यह कहा।
मंत्री ने कहा कि दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) शहरी क्षेत्रों को जोड़ने में अग्रणी रहा है और क्षेत्र में इसके नेटवर्क का विस्तार कम से कम संभावित व्यवधान के साथ किया गया है।
उन्होंने कहा कि भारत के 18 शहरों में अभी 721 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन का संचालन हो रहा है, जबकि 27 और शहरों में 1,058 किलोमीटर लंबे मेट्रो नेटवर्क का निर्माण कार्य जारी है।
पुरी ने कोविड-19 संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मेट्रो सेवाएं देने के लिए डीएमआरसी की सराहना की और कहा कि कोविड-19 से पहले करीब 65 लाख लोग हर दिन मेट्रो में यात्रा करते थे। लोगों की सुरक्षा, आराम सुनिश्चित करते हुए क्रमिक रूप से इस लक्ष्य को फिर से हासिल करने की उम्मीद है।
खंड का उदघाटन करने के बाद पुरी ने ट्वीट में कहा, ‘‘दिल्ली में यातायात में भीड़भाड़ कम करने की एक और महत्वपूर्ण कोशिश.... और अत्याधुनिक तथा हरित मेट्रो रेल नेटवर्क और मजबूत हुआ। ’’
इसके साथ, 59 किमी लंबा मजलिस पार्क-शिव विहार मार्ग या पिंक लाइन पहली बार पूरी तरह से जुड़ गया है। इस मार्ग पर कुल 38 स्टेशन हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)