देश की खबरें | कर्नाटक में कांग्रेस की जीत का असर लोकसभा चुनाव में भाजपा की संभावनाओं पर नहीं : हिमंत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पूर्वोत्तर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस की जीत 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा की लगातार तीसरी जीत के आड़े नहीं आएगी।

तेजपुर/गुवाहाटी, 13 मई पूर्वोत्तर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस की जीत 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा की लगातार तीसरी जीत के आड़े नहीं आएगी।

उन्होंने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस की जीत में कुछ भी नया नहीं है क्योंकि 2014 के आम चुनाव में भाजपा की जीत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने से पहले भी वह उक्त दक्षिणी राज्य में सत्ता में थी।

कर्नाटक चुनाव में भाजपा के लिए सघन प्रचार करने वाले शर्मा ने कहा कि पार्टी ने राज्य में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है लेकिन यह लगातार तीसरी बार केंद्र की सत्ता में भाजपा की वापसी के रास्ते में आड़े नहीं आएगी।

असम के सोनितपुर जिले के बिहागुड़ी में आयोजित कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ विपक्ष इस जीत को समुद्र में तिनके का सहारे के तौर पर ले रहा है लेकिन इसका कोई प्रभाव भविष्य पर नहीं पड़ेगा।’’

वहीं, असम प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष भूपेन बोरा ने कर्नाटक में पार्टी को मिली जीत पर खुशी जताते हुए कहा, ‘‘ अगले चुनाव में असम की जनता भी भाजपा को बाहर का रास्ता दिखाएगी।’’

उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा, ‘‘प्रधानमंत्री, राहुल गांधी को लोकसभा से अयोग्य करार दिलाकर भी कर्नाटक में कांग्रेस की जीत नहीं रोक पाए।’’

गौरतलब है कि मोदी उपनाम को लेकर मानहानि के मामले में दोषी करार दिए जाने और दो साल की सजा होने पर राहुल गांधी को लोकसभा सदस्य के तौर पर अयोग्य करार दे दिया गया था।

बोरा ने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा उन सभी निर्वाचन क्षेत्रों में हार गई है जहां शर्मा ने प्रचार किया था जबकि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा राज्य के जिन 22 निर्वाचन क्षेत्रों से गुजरी थी, उनमें पार्टी ने जीत दर्ज की है।

उन्होंने दावा किया कि शर्मा ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान बेंगुलुरु में असम एसोसिएशन के जिन सदस्यों से मुलाकात की थी उन्होंने भी कांग्रेस के समर्थन में मत दिया है।

असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जल्द वह कर्नाटक के दौरे पर जाएंगे और वहां पर असमी समुदाय से मुलाकात करेंगे।

गुवाहाटी स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय पर भी कर्नाटक की जीत की खुशी मनाई गई और पार्टी कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर जश्न मनाया। हालांकि, पार्टी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच उस समय धक्का मुक्की हो गई जब उन्हें अवरोधक तोड़कर सड़क पर जाकर जश्न मनाने से रोका गया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जल्द ही स्थिति पर काबू पा लिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\