देश की खबरें | कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने हिमाचल प्रदेश में किया प्रवेश

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के बुधवार को सुबह हिमाचल प्रदेश में प्रवेश करने के साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधा और उन पर देश में नफरत, हिंसा तथा भय फैलाने का आरोप लगाया।

शिमला, 18 जनवरी कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के बुधवार को सुबह हिमाचल प्रदेश में प्रवेश करने के साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधा और उन पर देश में नफरत, हिंसा तथा भय फैलाने का आरोप लगाया।

यात्रा के घटोटा गांव के पास राज्य में प्रवेश करने पर कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश अध्यक्ष प्रमुख प्रतिभा सिंह को झंडा सौंपा।

इसके बाद हिमाचल प्रदेश में यात्रा का स्वागत करने और उसमें शामिल होने के लिए पहुंचे लोगों को गांधी ने संबोधित किया।

गांधी ने कहा, ‘‘केंद्र सरकार की सभी नीतियों, नोटबंदी, जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) और कृषि विरोधी कानून का मकसद तीन-चार अरबपतियों को लाभ पहुंचाना है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘किसानों, नौजवानों और मजदूरों का कल्याण उनके एजेंडा में शामिल नहीं है।’’

कड़ाके की ठंड के बीच हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, राज्य के मंत्रियों और पार्टी विधायकों के साथ सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इन्दौरा के पास मनसेर टोल प्लाजा पर यात्रा का स्वागत किया।

धुंध भरी सुबह में राज्य के मंत्रियों के साथ गांधी तेज गति से चलते नजर आए और इस दौरान पार्टी के उत्साही कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और चुनिंदा लोगों को ही सुरक्षा घेरे के भीतर आने की अनुमति दी गई है।

हालांकि यात्रा के दौरान गांधी पार्टी नेताओं के अलावा लोगों, खासकर युवकों के साथ बातचीत करते नजर आए।

गांधी ने दावा किया, ‘‘ भाजपा ने बेरोजगारी और महंगाई जैसे दो महत्वपूर्ण मुद्दे दरकिनार कर दिए हैं। हमने चार महीने पहले कन्याकुमारी से यह यात्रा शुरू की थी, ताकि लोगों को एकजुट किया जाए, उन्हें साथ लाया जाए और ये मुद्दे उठाए जाएं क्योंकि हमें इन पर संसद में बोलने की अनुमति नहीं है। हम न्यायपालिका और मीडिया के माध्यम से मुद्दों को नहीं उठा सके क्योंकि वे भाजपा के दबाव में हैं।’’

गांधी ने कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का मकसद देश को सांप्रदायिक और विभाजनकारी ताकतों के खिलाफ एकजुट करना और भाजपा तथा आरएसएस के नापाक मंसूबों का करारा जवाब देना है।

उन्होंने कहा, ‘‘ मेरा मकसद लोगों और देश को भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट करना है।’’

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘ पहले, हिमाचल प्रदेश से गुजरना हमारी यात्रा के कार्यक्रम में नहीं था, लेकिन राज्य आने के लिए उसे इसमें शामिल किया गया। एक दिन का समय ही मिल पाया है और मुझे लगता हे कि ज्यादा समय होना चाहिए था लेकिन यात्रा को 30 जनवरी को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर कश्मीर में सम्पन्न करना है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘ यात्रा के दौरान बहुत कुछ सीखने को मिला, हमने यह जानने की कोशिश की कि लोगों के दिल में क्या है और उनसे जुड़े मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया।’’

गांधी ने काठगढ़ में ऐतिहासिक शिव मंदिर जा कर भगवान के दर्शन भी किए।

इस बीच, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने यहां एक बयान जारी कर कांग्रेस की खिल्ली उड़ाते हुए दावा किया कि आजादी के बाद से पार्टी ने केवल भारत को तोड़ने की कोशिश की है और उसका रिकॉर्ड ‘‘भारत तोड़ो’’ का है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने 1948 से घोटाले करने शुरू किए और वह आज भी लोगों को याद हैं।

कांग्रेस आज यात्रा के दौरान इन्दौरा विधानसभा क्षेत्र में 24 किलोमीटर का सफर तय करेगी और मालोट गांव में गांधी एक जनसभा को भी संबोधित कर सकते हैं।

हिमाचल प्रदेश को यात्रा के कार्यक्रम में शामिल करने के लिए गांधी का शुक्रिया अदा करते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि राज्य में कांग्रेस की जीत पार्टी की नीतियों और सच की झूठ पर जीत है।

राज्य की कांग्रेस इकाई की प्रमुख प्रतिभा सिंह ने कहा कि पार्टी ने अपने चुनावी वादे पूरे करने शुरू कर दिए हैं और पुरानी पेंशन योजना लागू करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।

तमिलनाडु के कन्याकुमारी से सात सितंबर को शुरू हुई ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 30 जनवरी को श्रीनगर में संपन्न होगी, जहां राहुल गांधी जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

यह पदयात्रा अभी तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब से होकर गुजर चुकी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका बनाम न्यूजीलैंड के बीच रोमांचक मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट

मिडिल ईस्ट में बढ़ता संघर्ष: ईरान ने अमेरिका के साथ बातचीत से किया इनकार, 'ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4' के तहत सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना

Jasprit Bumrah Stats In T20 World Cup Knockout Matches: टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैचों में कुछ ऐसा रहा है जसप्रीत बुमराह का प्रदर्शन, यहां देखें घातक तेज गेंदबाज के आकंड़ें

India vs England, ICC T20 World Cup 2026 2nd Semi-Final Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा भारत बनाम इंग्लैंड के बीच दूसरा सेमीफाइनल? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

\