एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | भारत की अर्थव्यवस्था 4000 अरब डॉलर से अधिक होने के दावे को कांग्रेस ने ‘फर्जी’ बताया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) चार हजार अरब डॉलर के स्तर को पार करने के दावे पर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को आड़े हाथ लेते हुए कांग्रेस ने आरोप लगाया कि यह ‘फर्जी’ खबर केवल सुर्खियों में बने रहने के लिए है।

देश की खबरें | भारत की अर्थव्यवस्था 4000 अरब डॉलर से अधिक होने के दावे को कांग्रेस ने ‘फर्जी’ बताया

नयी दिल्ली, 20 नवंबर भारत का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) चार हजार अरब डॉलर के स्तर को पार करने के दावे पर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को आड़े हाथ लेते हुए कांग्रेस ने आरोप लगाया कि यह ‘फर्जी’ खबर केवल सुर्खियों में बने रहने के लिए है।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि कुछ केंद्रीय मंत्रियों और महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री ने ‘फर्जी’ दावा किया है।

रमेश ने कहा, ‘‘कल अपराह्न 2:45 बजे से शाम 6:45 बजे के बीच जब पूरा देश क्रिकेट मैच देख रहा था, तभी राजस्थान और तेलंगाना से ताल्लुक रखने वाले वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों समेत मोदी सरकार के अनेक पैरोकारों, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के सबसे पसंदीदा उद्यमी ने पोस्ट किया कि कल ही भारत की जीडीपी 4 हजार अरब डॉलर के स्तर को पार कर गई।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘यह पूरी तरह फर्जी खबर थी जो अधिक उत्साह का वातावरण बनाने के लिए जारी की गई। यह चाटुकारिता तथा सुर्खियों दोनों के प्रबंधन का निराशाजनक प्रयास था।’’

महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ऐसा होता है गतिशील और दूरदृष्टा नेतृत्व। इस तरह हमारा नया भारत प्रगति कर रहा है।’’

उन्होंने लिखा, ‘‘हमारा देश चार हजार अरब डॉलर जीडीपी के स्तर को पार कर गया। भारतवासियों को बधाई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का सम्मान बढ़े।’’

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने ‘एक्स’ पर एक ग्राफिक साझा करते हुए इस बारे में टिप्पणी की।

अरबपति कारोबारी गौतम अडाणी ने भारतीय अर्थव्यवस्था के 4,000 अरब डॉलर का आंकड़ा पार करने की सराहना की लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

वित्त मंत्रालय और राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने इस बारे में सोशल मीडिया पर प्रसारित पोस्ट पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की।

उच्च पदस्थ सूत्रों ने कहा कि खबर गलत है और भारत अभी इस स्तर पर पहुंचने से दूर है।

अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के आंकड़ों के आधार पर सभी देशों के लिए ताजा जीडीपी आंकड़ों का एक असत्यापित स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर साझा किया गया है। इसे साझा करने वालों में सत्तारूढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेताओं सहित कई लोग शामिल हैं।

सभी देशों के जीडीपी आंकड़ों की ताजा निगरानी बहुत मुश्किल है, क्योंकि अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों के आंकड़े थोड़े अंतराल के साथ उपलब्ध होते हैं।

देश के प्रमुख उद्योगपति अडाणी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, ''बधाई हो भारत। भारत के, 4,400 अरब डॉलर वाले जापान और 4,300 अरब डॉलर वाले जर्मनी को पीछे छोड़कर जीडीपी के लिहाज से तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने में सिर्फ दो साल बाकी हैं। तिरंगे की उड़ान जारी है! जय हिंद।''

सोशल मीडिया मंचों पर फडणवीस सहित कई नेताओं ने इस उपलब्धि की सराहना की। इस संबंध में सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वालों में केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी और आंध्र प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डी पुरंदेश्वरी शामिल हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 20, 2023 05:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).