देश की खबरें | कांग्रेस ने ‘पार्टी विरोधी गतिविधियों’ के लिए परनीत कौर को निलंबित किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में शुक्रवार को लोकसभा सदस्य परनीत कौर को पार्टी से निलंबित कर दिया और कारण बताओ नोटिस जारी कर यह पूछा कि उन्हें निष्कासित क्यों नहीं किया जाए।
नयी दिल्ली, तीन फरवरी कांग्रेस ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में शुक्रवार को लोकसभा सदस्य परनीत कौर को पार्टी से निलंबित कर दिया और कारण बताओ नोटिस जारी कर यह पूछा कि उन्हें निष्कासित क्यों नहीं किया जाए।
पटियाला से सांसद कौर पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की पत्नी हैं। अमरिंदर सिंह अब भारतीय जनता पार्टी में हैं।
कौर मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संप्रग सरकार में विदेश राज्य मंत्री थीं।
पार्टी की अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति ने पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशंसा पर कौर को निलंबित करने का फैसला किया।
समिति ने कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में यह बताने के लिए कहा है कि उन्हें पार्टी से निष्कासित क्यों न किया जाए।
अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति के सदस्य सचिव तारिक अनवर की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने शिकायत की थी कि कौर भाजपा की मदद करने के मकसद से पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त हैं।
इसमें यह भी कहा गया है कि पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी ऐसी ही शिकायत की थी।
वर्ष 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले कांग्रेस ने अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री पद से हटाने का फैसला किया था जिसके बाद चरणजीति सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया गया था।
चुनाव से पहले अमरिंदर सिंह ने अपनी अलग पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) का गठन किया था। कौर ने विधानसभा चुनाव में अपने पति का प्रचार भी किया था।
अमरिंदर सिंह बीते साल सितंबर में अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए था। इसके साथ ही उन्होंने अपनी नवगठित पार्टी पीएलसी का भाजपा में विलय भी कर दिया था।
हक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)