एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कांग्रेस ने लोगों से संपर्क साधने के लिए महाराष्ट्र में 'जन संवाद यात्रा' शुरू की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई ने लोगों तक पहुंचने, अपने कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और बेरोजगारी व महंगाई जैसे मुद्दों के माध्यम से केंद्र और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की ‘‘गलत नीतियों’’ को उजागर करने के लिए रविवार को राज्य में अपनी ‘जन संवाद यात्रा’ शुरू की।

देश की खबरें | कांग्रेस ने लोगों से संपर्क साधने के लिए महाराष्ट्र में 'जन संवाद यात्रा' शुरू की

मुंबई, तीन सितंबर कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई ने लोगों तक पहुंचने, अपने कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और बेरोजगारी व महंगाई जैसे मुद्दों के माध्यम से केंद्र और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की ‘‘गलत नीतियों’’ को उजागर करने के लिए रविवार को राज्य में अपनी ‘जन संवाद यात्रा’ शुरू की।

हालांकि, जालना जिले में मराठा आरक्षण की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस के लाठीचार्ज के बाद क्षेत्र में तनाव रहने के मद्देनजर प्रदेश कांग्रेस ने मराठवाड़ा के सभी आठ जिलों - औरंगाबाद, उस्मानाबाद, जालना, बीड, लातूर, नांदेड़, हिंगोली और परभणी में अपनी ‘जनसंवाद यात्रा’ स्थगित कर दी।

कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख नाना पटोले ने पूर्वी विदर्भ के वर्धा जिले से पार्टी के जन संपर्क कार्यक्रम की शुरुआत की। यात्रा से पहले उन्होंने आष्टी तालुका में शहीदों के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर उन्होंने कहा, ‘‘राज्य और केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण किसान, युवा, महिलाएं और व्यापारी पीड़ित हैं। राज्य सूखे जैसी स्थिति से जूझ रहा है और खरीफ की फसलें बर्बाद हो गई हैं।’’ पटोले ने राज्य सरकार को ‘‘अवैध और असंवैधानिक’’ बताया।

जालना में मराठा समुदाय के लिए आरक्षण की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज के लिए सरकार की आलोचना करते हुए पटोले ने आरोप लगाया कि यह 31 अगस्त और एक सितंबर को मुंबई में आयोजित विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ की बैठक से ध्यान भटकाने के लिए किया गया।

महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार ने नागपुर में यात्रा का नेतृत्व किया। अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न हिस्सों का दौरा किया और स्थानीय निवासियों के साथ बातचीत की।

राज्य विधान परिषद में कांग्रेस नेता सतेज पाटिल यात्रा के लिए कोल्हापुर जिले के चांदगढ़ तालुका में थे। वह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ गांवों में घूमे और लोगों से बातचीत की।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि उत्तर महाराष्ट्र में कांग्रेस विधायक दल के नेता बालासाहेब थोराट सोमवार को अहमदनगर शहर से यात्रा शुरू करेंगे।

मराठवाड़ा में यात्रा को अस्थायी रूप से निलंबित करने पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘नयी तारीख जल्द ही घोषित की जाएगी।’’

मराठवाड़ा में ‘जनसंवाद यात्रा’ का नेतृत्व अशोक चव्हाण को करना था। उन्होंने कहा कि पुलिस लाठीचार्ज के बाद उपजी स्थिति को देखते हुए क्षेत्र के सभी जिलों में यात्रा को स्थगित कर दिया गया है।

पुलिस ने शुक्रवार को अंबड तहसील में धुले-सोलापुर रोड पर अंतरवाली सराटी गांव में हिंसक भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया था और आंसू गैस के गोले छोड़े थे। स्थिति तब बिगड़ गई थी, जब चिकित्सकों की सलाह पर अधिकारियों ने हड़ताल पर बैठे एक व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराने की कोशिश की थी।

हिंसा के दौरान करीब 40 पुलिसकर्मी और दर्जनों प्रदर्शनकारी घायल हुए, जबकि कई बसों को आग के हवाले कर दिया गया था। इस मामले में बाद में पुलिस ने 350 से अधिक लोगों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया था।

महाराष्ट्र कांग्रेस ने पिछले महीने तीन से 12 सितंबर तक ‘जनसंवाद यात्रा’ आयोजित करने की घोषणा की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 03, 2023 07:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).