एजेंसी न्यूज

Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस आदिवासियों के जल-जंगल-जमीन के लिए खड़ी है : राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी आदिवासियों के ‘जल-जंगल-जमीन’ और युवाओं के रोजगार के लिए खड़ी है।

Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस आदिवासियों के जल-जंगल-जमीन के लिए खड़ी है : राहुल गांधी
Rahul Gandhi | ANI

धनबाद/बोकारो, 4 फरवरी: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी आदिवासियों के ‘जल-जंगल-जमीन’ और युवाओं के रोजगार के लिए खड़ी है. राहुल अपनी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान झारखंड के धनबाद जिले में एक रोडशो को संबोधित कर रहे थे. धनबाद के टुंडी प्रखंड में शनिवार को रात्रि विश्राम के बाद यात्रा रविवार को झारखंड में तीसरे दिन धनबाद शहर के गोविंदपुर से फिर से शुरू हुई.

राहुल ने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को निजी इकाइयों को बेचे जाने से बचाना और देश के नौकरीपेशा युवाओं और आदिवासियों के लिए न्याय सुनिश्चित करना है. उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी आदिवासियों के जल-जंगल-जमीन के लिए खड़ी है और युवाओं की शिक्षा और रोजगार के लिए काम करती है. आर्थिक असंतुलन, नोटबंदी, जीएसटी और बेरोजगारी ने देश के युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है.’’

कांग्रेस की झारखंड इकाई के उपाध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि गोविंदपुर से शुरू हुई यात्रा सरायढेला, आईआईटी-आईएसएम गेट, रणधीर वर्मा चौक, रेलवे स्टेशन के समीप श्रमिक चौक से गुजरी और बैंक मोड़ पहुंची जहां राहुल ने एक रैली को संबोधित किया।

इसके बाद यात्रा बोकारो जिले की ओर बढ़ी. बोकारो जाने के रास्ते में राहुल ने धनबाद जिले के गोधर काली बस्ती में कोयला खनिकों और उनके बच्चों से बातचीत की.

कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा, ‘‘जब लोग पूछते हैं कि हमने 70 वर्षों में क्या किया. भिलाई, राउरकेला, दुर्गापुर, भाखड़ा नांगल, बोकारो, धनबाद, बरौनी, सिंदरी ये सभी भारत के आर्थिक विकास के स्मारक हैं, जिन्हें पंडित जवाहरलाल नेहरू (पूर्व प्रधानमंत्री) ने बनाया था.’’ बोकारो में पत्रकारों से बात करते हुए रमेश ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार चंद कारोबारियों को फायदा पहुंचाने की मंशा से सभी उद्योगपतियों, श्रमिकों और किसानों के साथ अन्याय कर रही है.

बोकारो में दोपहर के भोजन के बाद यात्रा फिर से जेना मोड़ से शुरू हुई और रामगढ़ जिले की ओर बढ़ी. बाद में, रामगढ़ के गोला में एक रैली को संबोधित करते हुए, राहुल ने कहा, "भाजपा सरकार और आरएसएस की विचारधारा न केवल नफरत फैला रही है बल्कि अन्याय भी कर रही है. देश की संपत्ति दो-तीन बड़े उद्योगपतियों को दी जा रही है." रविवार को राहुल का रात्रि विश्राम रामगढ़ जिले में निर्धारित है. यात्रा राज्य के 13 जिलों से होते हुए 804 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली है.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 04, 2024 07:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).