देश की खबरें | कांग्रेस को खुद को माकपा का ‘बी टीम’ घोषित कर देना चाहिए : केन्द्रीय मंत्री राजीव चन्द्रशेखर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केन्द्रीय मंत्री राजीव चन्द्रशेखर ने पूर्वोत्तर के तीन राज्यों के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन पर तंज कसते हुए पार्टी को ‘माकपा की ‘बी टीम’ बताया।

नयी दिल्ली, दो मार्च केन्द्रीय मंत्री राजीव चन्द्रशेखर ने पूर्वोत्तर के तीन राज्यों के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन पर तंज कसते हुए पार्टी को ‘माकपा की ‘बी टीम’ बताया।

पूर्वोत्तर के तीनों राज्यों, खास तौर से त्रिपुरा में विपक्षी गठबंधन का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) - आईपीएफटी गठबंधन को 60 सदस्यीय त्रिपुरा विधानसभा में 31 सीटों पर जीत मिली है और गठबंधन लगातार दूसरी बार राज्य में सरकार बनाने के लिए तैयार है।

निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार, भाजपा के हिस्से में 30 सीट आयी हैं जबकि इंडिजीनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) को एक सीट मिली है। बृहस्पतिवार को 57 सीटों पर परिणाम घोषित हुए हैं तथा भाजपा दो और सीटों पर आगे चल रही है।

भाजपा नगालैंड में भी अगली सरकार बनाने को तैयार है जहां उसने नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा है। वहीं मेघालय में भी भाजपा की स्थिति पहले से बेहतर हुई है।

सिलसिलेवार ट्वीट में कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री चन्द्रशेखर ने कुछ राज्यों में वामपंथी दलों के साथ गठबंधन करने और कुछ जगह उनके खिलाफ चुनाव लड़ने को लेकर कांग्रेस पर व्यंग्य किया। गौरतलब है कि पूर्वोत्तर राज्यों और पश्चिम बंगाल में कांग्रेस ने वामपंथी दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ा है, जबकि केरल में उसने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के खिलाफ चुनाव लड़ा।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘त्रिपुरा चुनाव के बाद कांग्रेस को औपचारिक रूप से केरल में भी माकपा की ‘बी टीम’ का दर्जा पा लेना चाहिए, क्योंकि कांग्रेस तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल सहित देश के विभिन्न हिस्सों में माकपा के साथ गठबंधन में है।’’

‘भाजपा की विचारधारा भारत का संविधान है : चन्द्रशेखर’ शीर्षक वाले लेख को ट्वीट करने वाले कांग्रेस नेता शशि थरूर के पोस्ट को टैग करते हुए केन्द्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘मैं नगालैंड, त्रिपुरा, मेघालय से कांग्रेस का सफाया देखने के लिए परिणाम वाले दिन का इंतजार कर रहा था... क्योंकि उनके नेताओं ने चुनाव प्रचार के दौरान बेशर्मी से झूठ बोला और लोगों में डर पैदा करने का प्रयास किया था, जैसा कि यह बुद्धिजीवी नेता कर रहे हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now