एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कांग्रेस ने पिथौरागढ़ में महापौर पद के लिए बागी प्रत्याशी का समर्थन कर रहे विधायक का इस्तीफा मांगा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष करन माहरा ने पिथौरागढ़ नगर निगम के महापौर पद के लिए कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी अंजू लुंठी के खिलाफ बतौर निर्दलीय उम्मीदवार खड़ी बागी नेता मोनिका महर के समर्थन में खुलकर सामने आए पिथौरागढ़ के विधायक मयूख महर से पार्टी से इस्तीफा देने को कहा है।

देश की खबरें | कांग्रेस ने पिथौरागढ़ में महापौर पद के लिए बागी प्रत्याशी का समर्थन कर रहे विधायक का इस्तीफा मांगा

पिथौरागढ़, 13 जनवरी कांग्रेस की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष करन माहरा ने पिथौरागढ़ नगर निगम के महापौर पद के लिए कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी अंजू लुंठी के खिलाफ बतौर निर्दलीय उम्मीदवार खड़ी बागी नेता मोनिका महर के समर्थन में खुलकर सामने आए पिथौरागढ़ के विधायक मयूख महर से पार्टी से इस्तीफा देने को कहा है।

लुंठी के समर्थन में पिथौरागढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए माहरा ने कहा, “अगर वह (मयूख महर) कांग्रेस पार्टी को हराने के लिए मैदान में उतर आए हैं, तो पहले उन्हें कांग्रेस से इस्तीफा देना चाहिए।”

पिथौरागढ़ सहित राज्य के 11 नगर निगम, 43 नगर पालिका परिषद और 46 नगर पंचायतों के 23 जनवरी को चुनाव होंगे। पिथौरागढ़ नगर निगम बनने के बाद पहली बार महापौर पद के लिए चुनाव हो रहा है, जहां अंजू लुंठी और मोनिका महर सहित कुल आठ प्रत्याशी मैदान में हैं।

स्थानीय विधायक मयूख महर ने कांग्रेस को मोनिका को महापौर पद के लिए टिकट देने का सुझाव दिया था, लेकिन पार्टी ने लुंठी के नाम पर मुहर लगाई। पार्टी के निर्णय को उचित ठहराते हुए माहरा ने कहा कि लुंठी एक संघर्ष करने वाली नेता हैं और 2019 में विधानसभा उपचुनाव के दौरान मयूख महर के मैदान छोड़ने के बाद उन्होंने ही पार्टी के फैसले के अनुरूप उपचुनाव लड़ा था।

माहरा ने कहा, “पार्टी ने एक वफादार उम्मीदवार के पक्ष में निर्णय लिया है। 2019 के उपचुनाव में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने से इंकार करके मयूख महर ‘रणछोड़’ बन चुके हैं।”

मयूख महर ने माहरा की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, “वह भगवान कृष्ण ही थे, जिन्होंने ‘रणछोड़’ नाम मिलने के बावजूद अपनी चतुराई से मुचुकुंद ऋषि के माध्यम से काल यवन का संहार किया था।”

उन्होंने कहा कि वह मोनिका महर के सारथी बनकर उसी तरह उनकी जीत सुनिश्चित करेंगे, जैसे महाभारत में भगवान कृष्ण ने पांडवों को जीत दिलाई थी।

मोनिका युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ऋषेंद्र सिंह महर की पत्नी हैं।

कांग्रेस की तरह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भी चुनाव में समीकरण बिगाड़ने उतरी अपनी बागी उम्मीदवार चंद्रकला महर की चुनौती से जूझ रही है। भाजपा की पूर्व विधायक और दिवंगत पार्टी नेता प्रकाश पंत की पत्नी चंद्रा पंत ने चंद्रकला महर से मतदाताओं को लुभाने के लिए उनके पति के नाम का इस्तेमाल न करने को कहा है।

चंद्रा पंत ने कहा, “अगर आप पार्टी की आधिकारिक उम्मीदवार के खिलाफ बगावत कर रही हैं, तो दिवंगत पार्टी नेता प्रकाश पंत के नाम का इस्तेमाल करना नैतिक रूप से गलत है।” भाजपा ने कल्पना देवलाल को महापौर पद के लिए चुनावी मैदान में उतारा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 13, 2025 04:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).