देश की खबरें | बीबीसी के खिलाफ आयकर विभाग की कार्रवाई पर कांग्रेस ने कहा: विनाशकाले विपरीत बुद्धि

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने ब्रिटिश ब्रॉडकॉस्टिंग कॉरपोरेशन (बीबीसी) के दफ्तरों पर आयकर विभाग के ‘सर्वे ऑपरेशन’ को लेकर मंगलवार को सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ‘‘विनाशकाले विपरीत बुद्धि।’’

नयी दिल्ली,14 फरवरी कांग्रेस ने ब्रिटिश ब्रॉडकॉस्टिंग कॉरपोरेशन (बीबीसी) के दफ्तरों पर आयकर विभाग के ‘सर्वे ऑपरेशन’ को लेकर मंगलवार को सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ‘‘विनाशकाले विपरीत बुद्धि।’’

पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने यह आरोप भी लगाया कि मोदी सरकार में प्रेस की स्वतंत्रता पर हमला हो रहा है।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मोदी सरकार में समय-समय पर प्रेस की स्वतंत्रता पर हमला होते रहा है। यह सब आलोचनात्मक आवाजों को दबाने के लिए किया गया है। यदि संस्थाओं का उपयोग विपक्ष और मीडिया को दबाने के लिए होगा, तो कोई भी लोकतंत्र नहीं बच सकता।’’

खरगे ने कहा कि लोग सरकार के इस कदम का प्रतिरोध करेंगे।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने संवाददाताओं से कहा, "हम अडाणी मामले में संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) जांच की मांग कर रहे हैं और सरकार बीबीसी के पीछे पड़ गई है। विनाशकाले विपरीत बुद्धि।"

कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार आलोचना से डरी हुई है।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘बीबीसी के कार्यालयों पर छापा हताशा को दर्शाता है और यह दिखाता है कि मोदी सरकार आलोचना से डरी हुई है। हम धमकाने की इस तरकीब की कड़ी भर्त्सना करते हैं। अलोकतांत्रिक और तानाशाही वाला रवैया अब नहीं चल सकता।’’

आयकर विभाग ने मंगलवार को कथित कर चोरी की जांच के तहत दिल्ली और मुंबई में बीबीसी के कार्यालयों में एक ‘सर्वे ऑपरेशन' चलाया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। साल 2002 के गुजरात दंगों पर ब्रिटिश प्रसारक द्वारा दो-भाग के वृत्तचित्र का प्रसारण किये जाने के कुछ सप्ताह बाद यह औचक कार्रवाई हुई है।

हक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now