देश की खबरें | प्रियंका और राहुल को हिरासत में लिए जाने के खिलाफ कांग्रेस ने किया राज्यव्यापी प्रदर्शन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने हाथरस कांड के पीड़ित परिवार से मुलाकात करने जा रहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में राज्य के विभिन्न जिलों में धरना प्रदर्शन किया।
लखनऊ, एक अक्टूबर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने हाथरस कांड के पीड़ित परिवार से मुलाकात करने जा रहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में राज्य के विभिन्न जिलों में धरना प्रदर्शन किया।
पार्टी के एक प्रवक्ता ने बताया कि कांग्रेस कमेटी के राज्यव्यापी प्रदर्शन के आह्वान पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने विभिन्न शहरों में स्थानीय प्रशासन के समक्ष धरना प्रदर्शन किया, चक्का जाम और घेराव किया ।
यह भी पढ़े | Gandhi Jayanti 2020: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा- महात्मा गांधी की विचारधारा से प्रभावित मोदी सरकार.
कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया कि लखनऊ में कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ एवं विधान परिषद दल के नेता दीपक सिंह के नेतृत्व में सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का घेराव करने के लिए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया।
प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस ने यहां अवरोधक लगा कर कार्यकर्ताओं पर बर्बर लाठीचार्ज किया और उन्हें हिरासत में ले लिया, देर शाम उन्हें रिहा कर दिया गया।
देर शाम उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शहीद स्मारक पर मोमबत्ती जलाकर हाथरस की बेटी को श्रद्धांजलि अर्पित की और इंसाफ की मांग की। जिसमें मुख्य रूप से कांग्रेस विधान परिषद दल के नेता दीपक सिंह एवं प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष वीरेन्द्र चैधरी, संगठन मंत्री अनिल यादव आदि मौजूद थे ।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मिर्जापुर, उन्नाव, सीतापुर आदि जगहों पर भी जमकर प्रदर्शन किया।
मऊ से प्राप्त जानकारी के अनुसार पार्टी कार्यकर्ताओं की बलिया मोड़ पर पुलिस के साथ जमकर झड़प हुई और पुलिस ने जिला अध्यक्ष इंतिखाब आलम को गिरफ्तार कर लिया ।
इससे पहले उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने हाथरस कांड के पीड़ित परिवार से मुलाकात करने जा रही कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में प्रदेशव्यापी प्रदर्शन का आह्वान किया था।
कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय के प्रभारी (प्रशासन) सिद्धार्थ प्रिय श्रीवास्तव ने यहां एक पत्र में कहा कि पार्टी के सभी जिला और नगर इकाइयों के अध्यक्षों से कहा गया है कि वे कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के खिलाफ अपने-अपने यहां तुरंत धरना-प्रदर्शन शुरू करें।
पत्र में कहा गया कि कांग्रेस कार्यकर्ता अपने नेताओं के प्रति पुलिस के अभद्र बर्ताव को बिल्कुल ही बर्दाश्त नहीं करेंगे लिहाजा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी विधानसभा क्षेत्रों तहसीलों और विकासखंड मुख्यालयों में फ़ौरन धरना-प्रदर्शन शुरू करने का फैसला किया है।
गौरतलब है कि हाथरस कांड के पीड़ित परिवार से मुलाकात करने जा रहे प्रियंका और राहुल के काफिले को पुलिस ने ग्रेटर नोएडा में रोक लिया था। बाद में दोनों को हिरासत में ले लिया गया था।
जफर सलीम सं
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)