देश की खबरें | कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी पर संविधान की 'हत्या करने’ का लगाया आरोप
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर संविधान की ‘‘हत्या करने’’ का आरोप लगाया और कहा कि देश के लोग भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को इसमें बदलाव नहीं करने देंगे।
मैसुरु, 19 जुलाई कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर संविधान की ‘‘हत्या करने’’ का आरोप लगाया और कहा कि देश के लोग भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को इसमें बदलाव नहीं करने देंगे।
खरगे कर्नाटक सरकार द्वारा आयोजित एक विशाल सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे, जहां मैसुरु के लिए 2,500 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया।
खरगे ने चेतावनी देते हुए कहा, ‘‘भाजपा और आरएसएस संविधान में संशोधन या उसे फिर से लिखने की बात कर रहे हैं। आप चाहे जितनी कोशिश कर लें, इस देश के लोग आपको संविधान में बदलाव नहीं करने देंगे। अगर आप (लोग) उन्हें संविधान बदलने देंगे, तो आपके पास कोई अधिकार नहीं बचेगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मोदी, आप संविधान की बदौलत मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बने, संसद में प्रवेश करने से पहले आपने संविधान को नमन किया, लेकिन मोदी आज उसी संविधान की हत्या कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा और आरएसएस हर दिन इस संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं।’’
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार और राज्य सरकार के कई मंत्री मौजूद थे।
खरगे ने अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी पर 42 देशों की यात्रा करने लेकिन हिंसा प्रभावित मणिपुर नहीं जाने के लिए निशाना भी साधा।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘क्या कारण है? क्या आप (मोदी) वहां जाने से डरते हैं? राहुल गांधी (कांग्रेस नेता) दो बार वहां जा चुके हैं...जब देश के लोग मर रहे हैं, मोदी विदेश यात्रा कर रहे हैं।’’
कर्नाटक में सिद्धरमैया के नेतृत्व वाली सरकार के विकास कार्यों की सराहना करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता खरगे ने कहा कि भाजपा केवल आलोचना करती है और उस पर "भ्रष्टाचार में लिप्त" होने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, ‘‘मोदी अक्सर पूछते हैं कि कांग्रेस ने पिछले 55 सालों में क्या किया है। हमने जो किया है, वह जनता के सामने है, आप हमें बताएं कि आपने क्या किया है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि महाराजाओं और जवाहरलाल नेहरू द्वारा स्थापित बड़ी सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों को अदाणी और अंबानी जैसे उद्योगपतियों को बेचा जा रहा है। कांग्रेस प्रमुख खरगे ने कहा कि ‘‘वह हमारी परिसंपत्तियां हैं, जो हमारे कर के पैसे से बनी हैं और कई लोग वहां काम करते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘चाहे हवाई अड्डा हो, बंदरगाह हो, सड़कें हों, एयरलाइन हों, सब कुछ उन्हीं लोगों को बेचा जा रहा है, जिन्हें वह (मोदी) चाहते हैं।’’
खरगे ने कहा कि कांग्रेस का हमेशा से उद्देश्य लोगों को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना रहा है। उन्होंने कहा कि यह सबसे पुरानी पार्टी अपनी विचारधारा से समझौता किए बिना लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम भले ही कुछ राज्यों में हार गए हों, लेकिन करोड़ों लोग अब भी चाहते हैं कि हम लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए सत्ता में आएं।’’
मोदी के ‘‘कांग्रेस मुक्त भारत’’ नारे का मखौल उड़ाते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने तो "अबकी बार चार सौ पार" तक कहा था, लेकिन (भाजपा) को केवल 240 सीट ही मिलीं। उन्होंने कहा, "अहंकार लोगों को गिरा देता है।"
कर्नाटक में कांग्रेस सरकार की पांच गारंटी योजनाओं की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि ये योजनाएं पूरे देश में लोकप्रिय हैं।
कांग्रेस प्रमुख खरगे ने योजनाओं के क्रियान्वयन में "सामूहिक नेतृत्व" के लिए मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, मंत्रियों, विधायकों और पार्टी कार्यकर्ताओं की सराहना की। उन्होंने कहा, ‘‘मेरी कांग्रेस पार्टी में ऐसे लोग हैं, जो काम करते हैं, जबकि मोदी की भाजपा में लोग केवल बोलते हैं या आलोचना करते हैं।’’
खरगे ने कर्नाटक सरकार के "दिवालिया" होने के दावों का खंडन किया और सवाल किया, ‘‘अगर सरकार दिवालिया होती, तो क्या वह प्रत्येक विधायक को उनके निर्वाचन क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए 50 करोड़ रुपये देती?’’
केंद्र की मोदी सरकार से विभिन्न योजनाओं के तहत कर्नाटक के हिस्से की धनराशि जारी करने का आग्रह करते हुए, खरगे ने कहा, ‘‘हमें हमारा पैसा दो, यह आपका पैसा नहीं है, यह हमारा पैसा है, जो हम करों/जीएसटी के रूप में देते हैं।’’
मोदी के हालिया दावे की ओर इशारा करते हुए कि भारत अब उन शीर्ष देशों में गिना जाता है, जहां समानता सबसे ज़्यादा है, उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि देश में धीरे-धीरे गरीबों की संख्या बढ़ रही है और धन कुछ अमीर लोगों के हाथों में केंद्रित हो रहा है, ऐसा नहीं होना चाहिए।
खरगे ने पूछा, ‘‘कौन सही है, मोदी या गडकरी? किस पर विश्वास किया जाए?’’ उन्होंने कहा कि मोदी की एकमात्र गारंटी "झूठ" है।
मोदी के "अमृत काल" में हुआ यह है कि एक प्रतिशत अति-अमीरों के पास 40 प्रतिशत संपत्ति है, जबकि 50 प्रतिशत गरीबों के पास केवल 6.4 प्रतिशत संपत्ति है। कांग्रेस अध्यक्ष ने सवाल किया, ‘‘बताइये विकास कहां है?’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 19, 2025 07:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

