देश की खबरें | कांग्रेस सांसद मुरलीधरन पर महिला महापौर के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए मामला दर्ज
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा सांसद के. मुरलीधरन पर तिरूवनंतपुरम नगर निगम की महापौर आर्या राजेंद्रन के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए मंगलवार को पुलिस ने मामला दर्ज किया।
तिरूवनंतपुरम, 26 अक्टूबर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा सांसद के. मुरलीधरन पर तिरूवनंतपुरम नगर निगम की महापौर आर्या राजेंद्रन के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए मंगलवार को पुलिस ने मामला दर्ज किया।
पुलिस ने कहा कि माकपा की सदस्य राजेंद्रन की शिकायत पर कांग्रेस नेता के खिलाफ भादंसं की धारा 354ए (यौन उत्पीड़न एवं यौन उत्पीड़न के लिए दंड) और 509 (महिला की लज्जा भंग करने के उद्देश्य से शब्द, इशारा या कृत्य करने) के तहत मामला दर्ज किया गया है। राजेंद्रन ने आरोप लगाया कि कल निगम कार्यालय के सामने एक प्रदर्शन के दौरान उन्होंने अपमानजक टिप्पणी कर उनके नारीत्व का अपमान किया।
निगम अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हो रहे एक प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुरलीधरन ने कहा था कि महापौर दिखने में सुंदर हैं लेकिन उनके मुंह से जो निकलता है वह ‘‘कोडुंगाल्लुर भरनी गाने’ से भी ज्यादा भयावह है।
कोडुंगाल्लुर भरनी गाने लोक गीत हैं जिसमें गाली-गलौज वाले शब्द मिश्रित होते हैं और इसे त्रिशूर जिले के कोडुंगाल्लुर में प्रसिद्ध देवी मंदिर में मीना भरनी त्योहार के दौरान गाया जाता है।
इस बीच मुरलीधरन ने आज अपनी टिप्पणी पर खेद जताते हुए कहा कि यह किसी को ठेस पहुंचाने के लिए नहीं था बल्कि तिरूवनंतपुरम निगम में कथित भ्रष्टाचार के लिए महापौर की आलोचना थी।
वटकारा के सांसद ने फेसबुक पर लिखे पोस्ट में कहा, ‘‘मेरे बयान से अगर किसी को व्यक्तिगत तौर पर दुख पहुंचा है तो मुझे इसका खेद है। यह कहने में मुझे झिझक नहीं है। मैं नहीं चाहता कि मेरे किसी भी बयान से किसी को व्यक्तिगत रूप से दुख पहुंचे।’’
बहरहाल, उन्होंने कहा कि किसी को सुंदर कहने में कोई अश्लीलता नहीं है।
मुरलीधरन ने आरोप लगाया कि एलडीएफ के शासन में निगम में काफी भ्रष्टाचार है और महापौर अपनी जिम्मेदारियों से नहीं बच सकती हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)