देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर में क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन के बारे में कांग्रेस नेतृत्व निर्णय लेगा: लांबा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस नेता अलका लांबा ने रविवार को कहा कि पार्टी नेतृत्व जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के लिए क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन के बारे में फैसला करेगा।
श्रीनगर, 18 अगस्त कांग्रेस नेता अलका लांबा ने रविवार को कहा कि पार्टी नेतृत्व जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के लिए क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन के बारे में फैसला करेगा।
लांबा ने दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के वेरीनाग इलाके में पत्रकारों से कहा, “हमने लोकसभा चुनाव में गठबंधन किया था और कश्मीर में तीन में से दो सीट जीती थीं। अब विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन के फैसले को लेकर पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व यहां स्थानीय नेतृत्व के साथ बातचीत कर रहा है और उनके द्वारा लिए गए फैसले के बारे में लोगों को जानकारी दी जाएगी।”
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव गुलाम अहमद मीर ने पार्टी का महिला सम्मेलन आयोजित किया जिसकी अध्यक्षता अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष लांबा ने की।
डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी (डीपीएपी) के प्रमुख गुलाम नबी आजाद के कांग्रेस में फिर से शामिल होने की अटकलों के बारे में पूछे जाने पर लांबा ने कहा कि कांग्रेस “बड़े दिल” से सभी का स्वागत करती है।
उन्होंने कहा, “मैंने आजाद साहब से बात नहीं की है और मुझे नहीं पता, लेकिन कांग्रेस पार्टी का दिल बहुत बड़ा है। कांग्रेस छोड़ने का फैसला उनका अपना था, पार्टी का नहीं। हमारी पार्टी का दिल बहुत बड़ा है, जो लोग पार्टी छोड़कर चले गए थे वे वापस आ रहे हैं और हम वापस आने वाले सभी लोगों का स्वागत करते हैं क्योंकि यह लड़ाई जम्मू-कश्मीर में लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए है।”
कांग्रेस नेता ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आलोचना की।
उन्होंने कहा, “कोलकाता में डॉक्टर बेटी थी, उत्तराखंड में नर्स बेटी थी, लेकिन सामूहिक दुष्कर्म और हत्याएं हो रही हैं। देश के प्रधानमंत्री क्या कर रहे हैं? सिर्फ खोखले भाषण दे रहे हैं।”
लांबा ने आरोप लगाया, “गुजरात की बेटी बिलकीस बानो के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ, लेकिन आपने (मोदी ने) आरोपियों को छोड़ दिया। क्या आपने ‘सीरियल रेपिस्ट’ प्रज्वल रेवन्ना के लिए वोट नहीं मांगे? क्या आपने विनेश फोगाट के साथ न्याय किया? सरकार बेटियों को सुरक्षा देने में विफल रही है।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 18, 2024 05:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

