देश की खबरें | बेंगलुरु में राजभवन का घेराव करने के प्रयास के बाद हिरासत में लिए गए कांग्रेस नेता

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्र सरकार के विवादास्पद नए कृषि कानूनों का विरोध करते हुए बुधवार को राजभवन का घेराव करने के लिए आगे बढ़ने की कोशिश करने के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता सिद्धरमैया और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डी के शिवकुमार को अन्य लोगों के साथ हिरासत में ले लिया गया।

बेंगलुरु, 20 जनवरी केंद्र सरकार के विवादास्पद नए कृषि कानूनों का विरोध करते हुए बुधवार को राजभवन का घेराव करने के लिए आगे बढ़ने की कोशिश करने के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता सिद्धरमैया और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डी के शिवकुमार को अन्य लोगों के साथ हिरासत में ले लिया गया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने बेंगलुरु में बुधवार को कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन किया। राजभवन की घेराव करने के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार के आह्वान के बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों से पार्टी कार्यकर्ता और किसान यहां पहुंचे।

नारे लगाते हुए, पार्टी का झंडा, बैनर और पोस्टर पकड़े हुए, प्रदर्शनकारियों ने फ्रीडम पार्क से राज्यपाल के आधिकारिक आवास तक मार्च निकाला, लेकिन पुलिस द्वारा रास्ते में रोक दिया गया।

एक पुलिस वाहन के अंदर से सिद्धरमैया ने पत्रकारों से कहा, "येदियुरप्पा सरकार और पुलिस शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन को बाधित करने की कोशिश कर रही है, जिसकी मैं कड़ी निंदा करता हूं।"

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भगवा पार्टी को लोकतांत्रिक व्यवस्था में कभी विश्वास नहीं था।

प्रदर्शन के कारण कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ। कृषि कानूनों के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन के मद्देनजर पहले ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और सड़कों पर अवरोधक भी लगाए गए।

यात्रियों को विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन के कारण यातायात जाम लग जाने से मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

दिन में इससे पहले, शिवकुमार ने प्रदर्शन स्थल ‘फ्रीडम पार्क’ जाने से पहले राज्य सरकार पर प्रदर्शनकारियों को राज्य की राजधानी आने से रोकने का आरोप लगाया।

शिवकुमार ने एक वीडियो संदेश में आरोप लगाया, ‘‘मुझे कई फोन आ रहे हैं कि पुलिस किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कल रात से ही रोक रही है।’’

शहर में आने से जिन लागों को रोका जा रहा है, शिवकुमार ने उनसे राजमार्ग जाम कर प्रदर्शन करने की अपील की ।

उन्होंने कहा, ‘‘ बेंगलुरु रेलवे स्टेशन पहुंचें और हम जरूर राज भवन घेरेंगे।’’

इस बीच, भाजपा ने प्रदर्शन का उपहास किया और आरोप लगाया कि अपने शासन काल में किसानों के आत्महत्या करने के लिए जिम्मेदार रही कांग्रेस आज केन्द्र के ‘‘किसान समर्थक कानूनों’’ का विरोध कर नौटंकी कर रही है।

भगवा पार्टी ने ट्वीट किया, ‘‘ किसानों के आत्महत्या करने की घटनाएं ना बढ़ी होती, अगर आपने किसानों का साथ दिया होता।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\