देश की खबरें | प्रदर्शन करने पर गिरफ्तार हुए कांग्रेस नेता, नहीं डालेंगे जमानत के लिए याचिका, भाजपा ने की निंदा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गोवा के एक होटल में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर से मिलने को लेकर प्रदर्शन करने पर गिरफ्तार हुए कांग्रेस नेता जमानत के लिए आवेदन नहीं करेंगे। पार्टी के एक पदाधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पणजी, तीन अक्टूबर गोवा के एक होटल में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर से मिलने को लेकर प्रदर्शन करने पर गिरफ्तार हुए कांग्रेस नेता जमानत के लिए आवेदन नहीं करेंगे। पार्टी के एक पदाधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि गोवा प्रदेश युवा कांग्रेस कमेटी प्रमुख वराड मारडोलकर, गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जीपीसीसी) के महासचिव संकल्प आमोनकर, पार्टी पदाधिकारी जनार्दन भंडारी समेत करीब 15 नेताओं को गोवा पुलिस ने शुक्रवार मध्यरात्रि में गिरफ्तार कर लिया क्योकि ये सभी यहां के एक पांच सितारा होटल में जावड़ेकर से मिलने के लिए प्रदर्शन कर रहे थे। जावड़ेकर इसी होटल में ठहरे हैं।
यह भी पढ़े | Bihar: लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती.
जावड़ेकर यहां नए कृषि कानून के संबंध में कई बैठकों में शनिवार को हिस्सा लेने आए हैं। कांग्रेस नेता यहां करीब मध्यरात्रि में पहुंचे। वह कर्नाटक के साथ महादयी नदी को लेकर चल रहे विवाद पर मंत्री से मिलने की मांग कर रहे थे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि नेताओं को एहतियात के तौर पर गिरफ्तार किया गया था।
जीपीसीसी प्रमुख गिरीश चोडानकर ने कहा, '' गिरफ्तार किए गए नेता जमानत के लिए आवेदन नहीं करेंगे। कर्नाटक द्वारा अवैध तरीके से महादयी नदी की जलधारा को मोड़ने से बचाने की अपील करने के लिए वे मंत्री से मिलने गए थे।''
उन्होंने कहा, '' मंत्री को महादयी नदी के मुद्दे पर केंद्र सरकार का पक्ष बताना चाहिए।''
कांग्रेस नेता ने कहा, '' उच्चतम न्यायालय के आदेश और अंतर राज्यीय जल विवाद ट्रिब्यूनल के फैसले का उल्लंघन करते हुए कर्नाटक नदी की जलधारा को मोड़ रहा है।''
गिरफ्तार किए गए नेताओं में से एक जनार्दन भंडारी ने कहा कि वे पुलिस हिरासत में ही रहेंगे लेकिन जमानत के लिए याचिका नहीं डालेंगे।
उन्होंने कहा, '' हम जमानत नहीं चाहते हैं, हम महादयी - अपनी मां को अपने पास चाहते हैं।''
गोवा और कर्नाटक के बीच महादयी नदी के जल बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। अंतर राज्य जल विवाद ट्रिब्यूनल ने गोवा, कर्नाटक और महाराष्ट्र के बीच जल के बंटवारे को लेकर अधिनिर्णय दिया। इस निर्णय के खिलाफ तीनों ही राज्यों ने उच्चतम न्यायालय में याचिका डाली है।
इसी बीच भाजपा की गोवा इकाई के प्रवक्ता दत्ताप्रसाद नाइक ने कांग्रेस के प्रदर्शन की निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन ऐसे समय में हुआ जब पूरा देश गांधी जंयती मनाने के लिए कुछ सकारात्मक करने में लगा था।
उन्होंने आरोप कि कांग्रेस ने महात्मा गांधी की जयंती पर जो कुछ किया है, उसके बाद उसे गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने का कोई हक नहीं है। नाइक ने कहा, '' जावड़ेकर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी की तरह गोवा छुट्टियां मनाने के लिए नहीं आए थे। मंत्री यहां किसानों की समस्यायों को दूर करने आए थे।''
नाइक ने कहा कि गांधी परिवार जब भी यहां छुट्टियां मनाने के लिए आया, भाजपा कार्यकर्ताओं ने कभी प्रदर्शन नहीं किया और न ही उन्हें बाधा पहुंचाई।
प्रवक्ता ने कहा, '' कानून अपना काम करेगा लेकिन हम उन लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं, जिन्होंने ऐसी हरकत की।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)