देश की खबरें | कांग्रेस नेता संतोख चौधरी का ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान दिल के दौरे से निधन, यात्रा रोकी गयी

चंडीगढ़, 14 जनवरी कांग्रेस नेता एवं जलंधर से सांसद संतोख चौधरी का ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान दिल का दौरा पड़ने के कारण शनिवार को निधन हो गया, जिसके बाद यात्रा 24 घंटे के लिए रोक दी गई। चौधरी 76 वर्ष के थे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत विभिन्न दलों के नेताओं ने चौधरी के निधन पर शोक जताया।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चौधरी के शोकसंतप्त परिवार से मुलाकात की। राहुल गांधी ने शनिवार सुबह यात्रा के दौरान चौधरी के उनके साथ चलने की तस्वीरें साझा कीं।

गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘श्री संतोख सिंह चौधरी के आकस्मिक निधन से स्तब्ध हूं। वह जमीन से जुड़े परिश्रमी नेता, एक नेक इंसान और कांग्रेस परिवार के मजबूत स्तंभ थे जिन्होंने युवा कांग्रेस से सांसद तक अपना जीवन जनसेवा के लिए समर्पित किया। शोकसंतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।’’

कांग्रेस के पूर्व प्रमुख राहुल गांधी ने भी 15 जनवरी को जलंधर में होने वाले अपने संवाददाता सम्मेलन को स्थगित कर दिया है और अब यह 17 जनवरी को होशियारपुर में होगा।

पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा ने बताया कि दो बार सांसद रहे चौधरी कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व वाली पदयात्रा में जलंधर के फिल्लौर में भाग लेते समय बेहोश हो गए थे।

यात्रा में मौजूद रहे बाजवा ने बताया कि चौधरी को एम्बुलेंस के जरिए फगवाड़ा के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि बाद में उनका पार्थिव शरीर उनके आवास ले जाया गया।

बाजवा ने कहा, ‘‘जलंधर से सांसद एवं मेरे प्रिय मित्र चौधरी जी के निधन से बहुत दुखी हूं। हमने एक रत्न खो दिया। उनके जाने से पैदा हुए खालीपन को भरना मुश्किल होगा। मैं उनके पुत्र एवं विधायक विक्रम चौधरी, उनके मित्रों एवं परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।’’

चौधरी फिल्लौर में यात्रा में शामिल हुए थे, लेकिन उन्हें कुछ देर बाद बेचैनी महसूस हुई और वह बेहोश हो गए।

कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा, ‘‘तमिलनाडु से सांसद एवं कांग्रेस नेता ज्योतिमणि ने मुझे बताया कि यात्रा के दौरान चौधरी ने उनका हालचाल पूछा और फिर वह अचानक बेहोश हो गए।’’

वडिंग ने कहा कि इससे पहले चौधरी राहुल गांधी के स्वागत में ‘जोड़ो, जोड़ो, भारत जोड़ो’ के नारे लगा रहे थे।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को सांसद के निधन की जानकारी मिलते ही यात्रा रोक दी गई।

वडिंग ने कहा, ‘‘आपको सांसद संतोख चौधरी जी के निधन की जानकारी देते हुए अत्यंत दुख हो रहा है। मैं उनके परिजनों, सहकर्मियों, मित्रों एवं समर्थकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं सदमे में हूं, लेकिन चौधरी साहब का संकल्प मेरे लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।’’

उन्होंने कहा कि चौधरी अपने इलाके से गुजर रही यात्रा को लेकर बहुत उत्साहित थे। उन्होंने कहा, ‘‘चौधरी का परिवार कांग्रेस से लंबे समय से जुड़ा रहा है।’’

वडिंग ने बताया कि चौधरी के परिवार ने उनका अंतिम संस्कार रविवार को पूर्वाह्न 11 बजे करने का फैसला किया है।

इस बीच, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ‘‘जलंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का आज सुबह निधन हो गया। उनके सम्मान में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 24 घंटे के लिए स्थगित रहेगी। जलंधर के खालसा कॉलेज ग्राउंड से यात्रा कल दोपहर फिर शुरू होगी।’’

रमेश ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘जलंधर में कल होने वाला राहुल गांधी का संवाददाता सम्मेलन कांग्रेस नेता एवं जलंधर से सांसद संतोख सिंह चौधरी के अचानक और दुखद निधन के कारण अब 17 जनवरी को होशियारपुर में होगा।’’

दलित नेता चौधरी नेताओं के एक परिवार से संबंध रखते थे। उनके पिता मास्टर गुरबंता सिंह एक दलित नेता, शिक्षाविद एवं पंजाब के पूर्व कृषि मंत्री थे।

संतोख चौधरी के बड़े भाई चौधरी जगजीत सिंह स्थानीय निकाय मंत्री थे। चौधरी के बेटे विक्रमजीत सिंह फिल्लौर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक हैं। जलंधर जिले में करतारपुर के पास धालीवाल संतोख चौधरी का पैतृक गांव है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि चौधरी का निधन संगठन के लिए एक बड़ा झटका है।

खरगे ने ट्वीट किया, ‘‘हमारे सांसद श्री संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। उनका जाना पार्टी और संगठन के लिए एक बड़ा झटका है। मेरी संवेदनाएं दुख की इस घड़ी में उनके परिजनों, मित्रों और समर्थकों के साथ हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।’’

इससे पहले, ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अपने पंजाब चरण के तहत शनिवार सुबह लुधियाना के लाढ़ोवाल से आगे बढ़ी थी।

चौधरी के निधन पर विपक्षी दलों समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने शोक व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘सांसद संतोख सिंह चौधरी जी के निधन से बहुत दुख हुआ। उन्हें पंजाब के लोगों की सेवा करने के उनके प्रयासों के लिए हमेशा याद किया जाएगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सिंह के परिवार और उनके समर्थकों के प्रति संवेदनाएं। ओम शांति।’’

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट किया, ‘‘जलंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन पर मुझे गहरा दुख हुआ है।’’

कांग्रेस के पूर्व नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने भी चौधरी के निधन पर शोक जताया।

सिंह ने ट्वीट किया, ‘‘दिल का दौरा पड़ने से सांसद संतोख सिंह चौधरी के आकस्मिक निधन के बारे में सुनकर अत्यंत दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। वाहेगुरु जी दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।’’

आम आदमी पार्टी (आप) नेता एवं सांसद राघव चड्ढा ने भी चौधरी के निधन पर शोक जताया।

शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह ने चौधरी के निधन पर शोक प्रकट करते हुए ट्वीट किया, ‘‘उनके बेटे एवं विधायक विक्रमजीत, परिजनों एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। गुरुसाहब उनकी आत्मा को शांति दें।’’

यात्रा का पंजाब चरण बुधवार को फतेहगढ़ साहिब के सरहिंद से शुरू हुआ था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)