Indian National Cricket Team vs New Zealand National Cricket Team, ICC T20 World Cup 2026 Final Match: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल 8 मार्च को भारत राष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनाम न्यूजीलैंड राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के बीच खेला गया. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला अहमदाबाद (Ahmedabad) के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) में खेला गया. फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड की टीम को 96 रनों से हरा दिया हैं. इसके साथ ही टीम इंडिया ने नया इतिहास रच दिया हैं. लगातार दूसरी बार टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप के खिताब पर अपना कब्जा जमाया हैं. टीम इंडिया तीसरा टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाली वर्ल्ड की पहली टीम बन गई हैं. इस टूर्नामेंट में भारत की कप्तानी सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) कर रहे थे, जबकि न्यूजीलैंड की कमान मिचेल सैंटनर (Mitchell Santner) के हाथों में था. यह भी पढ़ें: India Victory Celebration In Street: टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने के बाद देशवासियों ने सड़कों पर मनाया जश्न, देखें सेलिब्रेशन का दिल जीतने वाला वीडियो
टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को 96 रन से हराते हुए अपना रिकॉर्ड तीसरा खिताब जीत लिया. नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस खिताबी मुकाबले में मेजबान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 255/5 का विशाल स्कोर बनाया. जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई. इसके साथ ही टीम इंडिया टी20 विश्व कप इतिहास में 3 खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गई. साथ ही टीम इंडिया लगातार 2 बार टी20 विश्व कप जीतने वाली भी पहली टीम बन गई. आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं.
टीम इंडिया ने दर्ज की शानदार जीत
टीम इंडिया की ओर से संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने टीम को तूफानी शुरुआत दिलाई. संजू सैमसन ने 89 रन की शानदार पारी खेली, जबकि अभिषेक शर्मा ने 52 रन बनाए. नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए ईशान किशन ने भी शानदार अर्धशतक लगाते हुए 54 रन बनाए. वहीं आखिरी ओवरों में शिवम दुबे ने सिर्फ 8 गेंदों में 26* रन बनाकर टीम इंडिया को 255 रन के बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया.
जवाब में न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही. फिन एलन 9 रन, रचिन रविंद्र 1 रन, ग्लेन फिलिप्स 5 रन और मार्क चैपमैन 3 रन बनाकर आउट हो गए. हालांकि टिम साइफर्ट ने 52 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके.
टी20 विश्व कप फाइनल में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बने संजू सैमसन
संजू सैमसन ने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का छठा अर्धशतक 33 गेंदों में पूरा किया. न्यूजीलैंड के खिलाफ यह उनका पहला अर्धशतक रहा. उन्होंने 46 गेंदों में 5 चौके और 8 छक्कों की मदद से 89 रन बनाए. इसके साथ ही संजू सैमसन टी20 विश्व कप के फाइनल में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज मार्लन सैमुअल्स का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ टी20 विश्व कप 2016 के फाइनल में 85* रन बनाए थे.
संजू सैमसन ने बनाए कई बड़े रिकॉर्ड
संजू सैमसन टी20 विश्व कप इतिहास में टीम इंडिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने लगातार 3 मैचों में 50 से ज्यादा रन बनाए. इससे पहले उन्होंने सेमीफाइनल में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 89 रन बनाए थे, जबकि सुपर-8 के मुकाबले में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ उन्होंने नाबाद 97 रन की पारी खेली थी. इसके अलावा विराट कोहली के बाद संजू सैमसन टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल और फाइनल दोनों में अर्धशतक लगाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं.
विराट कोहली का रिकॉर्ड भी तोड़ा
संजू सैमसन टी20 विश्व कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टीम इंडिया के बल्लेबाज भी बन गए हैं. उन्होंने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने टी20 विश्व कप 2014 में 319 रन बनाए थे. इस टूर्नामेंट में संजू सैमसन ने 80.25 की औसत और 199.37 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 321 रन बनाए. उनके बल्ले से 3 अर्धशतक भी निकले.
अभिषेक शर्मा ने फाइनल में खेली मैच जिताऊ पारी
इस टी20 विश्व कप की शुरुआत से पहले अभिषेक शर्मा से काफी उम्मीदें थीं. हालांकि शुरुआती 7 पारियों में उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा था. उन्होंने 12.71 की औसत और 130.88 की स्ट्राइक रेट से कुल 89 रन बनाए थे. फाइनल से पहले उनके स्कोर क्रमशः 0, 0, 0, 15, 55, 10 और 9 रन रहे थे. लेकिन खिताबी मुकाबले में उन्होंने शानदार वापसी की. अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 3 छक्के शामिल थे.
ईशान किशन ने भी लगाया अर्धशतक
टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने भी फाइनल में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 54 रन की पारी खेली. इस दौरान उन्होंने संजू सैमसन के साथ दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की. ईशान किशन ने इस वर्ल्ड कप में नौ पारियों में 35.22 की औसत और 193.29 की स्ट्राइक रेट से 317 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 3 अर्धशतक लगाए. उनके बल्ले से 33 चौके और 18 छक्के भी निकले.
टिम साइफर्ट ने लगाया अर्धशतक
न्यूजीलैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज टिम साइफर्ट ने फाइनल में 26 गेंदों में 52 रन बनाए. उनकी इस पारी में 2 चौके और 5 छक्के शामिल रहे. टिम साइफर्ट इस टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. उन्होंने आठ पारियों में 46.57 की औसत और 166.32 की स्ट्राइक रेट से 326 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने चार अर्धशतक लगाए. उनके बल्ले से 34 चौके और 16 छक्के भी निकले.
जसप्रीत बुमराह ने झटके 4 विकेट
टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने फाइनल में शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट लिए. यह टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में दूसरा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है. इससे बेहतर प्रदर्शन सिर्फ श्रीलंका के अजंता मेंडिस ने किया था, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2012 के फाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ 4/12 के आंकड़े दर्ज किए थे. जसप्रीत बुमराह ने इस पूरे टूर्नामेंट में आठ मैचों में 12.42 की औसत और 6.21 की इकॉनमी रेट से कुल 14 विकेट लिए.
टीम इंडिया ने बनाए कई बड़े रिकॉर्ड
टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में यह पहली बार हुआ, जब किसी टीम के शुरुआती 3 बल्लेबाजों ने फाइनल में अर्धशतक लगाए. टीम इंडिया ने इस मैच में टी20 विश्व कप इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर भी बनाया. इस टूर्नामेंट में सबसे बड़ा स्कोर श्रीलंका क्रिकेट टीम के नाम है, जिसने 2007 में केन्या क्रिकेट टीम के खिलाफ 260/6 रन बनाए थे. वहीं दूसरा सबसे बड़ा स्कोर भी टीम इंडिया के नाम है, जिसने 2026 में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ 256/4 रन बनाए थे. इसके अलावा टीम इंडिया ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सातवीं बार 250 से ज्यादा का स्कोर बनाया.
टीम इंडिया ने जीता अपना तीसरा खिताब
महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2007 में पहला टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीता था. उस फाइनल में टीम इंडिया ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को 5 रन से हराया था. इसके बाद 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम को हराकर दूसरा खिताब जीता था. अब 2026 में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम कर ली.
खिताब का बचाव करने वाली पहली टीम बनी टीम इंडिया
टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप 2024 की चैंपियन भी थी. अब 2026 में भी खिताब जीतकर टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में अपने खिताब का सफल बचाव करने वाली पहली टीम बन गई है. साथ ही टीम इंडिया मेजबानी करते हुए टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भी पहली टीम बन गई है.













QuickLY