देश की खबरें | विजयन के खिलाफ विमान में प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस नेता सबरीनंदन गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के खिलाफ पिछले महीने एक विमान में युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन के सिलसिले में कांग्रेस नेता के. एस. सबरीनंदन को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
तिरुवनंतपुरम, 19 जुलाई केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के खिलाफ पिछले महीने एक विमान में युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन के सिलसिले में कांग्रेस नेता के. एस. सबरीनंदन को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
सबरीनंदन पर इस घटना की कथित साजिश रचने का आरोप लगाया गया है।
कांग्रेस ने पुलिस के इस कदम के पीछे ‘‘उच्च स्तरीय साजिश’’ का आरोप लगाया है। पार्टी का आरोप है कि सबरीनंदन की गिरफ्तारी की जानकारी न्यायालय में उस वक्त दी गई जब उनकी अग्रिम जमानत अर्जी पर वहां विचार हो रहा था ।
हालांकि, पुलिस ने दावा किया कि उसने पूर्व विधायक सबरीनंदन को यहां वलियाथुरा थाने में पूछताछ के लिए तलब किया था और उन्हें सुबह 10 बजकर 50 मिनट पर गिरफ्तार कर लिया गया।
पूर्व विधायक और दिवंगत कांग्रेस नेता जी. कार्तिकेयन के बेटे सबरीनंदन ने चिकित्सा जांच के लिए ले जाते समय मीडिया से की गई बातचीत में गिरफ्तारी को लेकर पुलिस द्वारा किए गए दावे को खारिज कर दिया। उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने अपराह्न साढ़े बारह बजे उनकी गिरफ्तारी दिखाई।
केरल में युवक कांग्रेस के उपाध्यक्ष सबरीनंदन की गिरफ्तारी की केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी.सतीशन ने निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह माकपा नीत सरकार का ‘‘ लोकतंत्र विरोधी’’ कदम है, जिसे स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सतीशन ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘सबरीनंदन की गिरफ्तारी सरकार द्वारा उच्च स्तर पर रची गई साजिश के बाद की गई। उनपर हत्या की कोशिश करने का मामला दर्ज किया गया है। उनका राजनीतिक और कानूनी रूप से बचाव किया जाएगा।’’
पुलिस ने घटना की जांच के सिलसिले में पूछताछ के लिए सबरीनंदन को सोमवार को नोटिस दिया था।
पुलिस ने यह कार्रवाई एक व्हाट्सएप ग्रुप में हुई बातचीत (चैट) के स्क्रीनशॉट के वायरल होने के बाद की है। चैट में सबरीनंदन कथित तौर पर समूह के सदस्यों को विमान में विरोध करने का सुझाव दे रहे हैं।
सबरीनंदन की गिरफ्तारी विपक्षी संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की माकपा के वरिष्ठ नेता ई.पी.जयराजन पर मुकदमा दर्ज करने की मांग को सरकार द्वारा खारिज किए जाने के एक दिन बाद हुई है। विपक्ष ने जयराजन पर विमान में पी विजयन के खिलाफ नारेबाजी के दौरान युवक कांग्रेस के दो कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है।
विधानसभा में सह मुद्दा उठाते हुए सतीशन ने कहा, ‘‘हमारे बच्चों (युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता) ने नारेबाजी की लेकिन जयराजन ने उनसे मारपीट की।’’
मुख्यमंत्री ने इस मामले में जवाब देते हुए जयराजन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की विपक्ष की मांग को ठुकरा दिया। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के संयोजक जयराजन मुख्यमंत्री को हमलावरों से बचा रहे थे।
विजयन ने कहा कि जांच में संकेत मिले हैं कि युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अपने शीर्ष नेतृत्व के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम देने की साजिश रची।
इस बीच, युवक कांग्रेस ने कहा कि सबरीनंदन की गिरफ्तारी से इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री के खिलाफ प्रदर्शन और तेज होगा।
युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक शफी परमबिल ने संवाददाताओं से कहा कि यह गिरफ्तारी दिखाती है कि मुख्यमंत्री छोटे प्रदर्शन से भी कितने भयभीत हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)