एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने भाजपा पर जम्मू-कश्मीर में अलगाववादियों के साथ साठगांठ का आरोप लगाया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य राजीव शुक्ला ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जम्मू-कश्मीर में अल्पकालिक राजनीतिक लाभ के लिए राष्ट्र-विरोधी और अलगाववादी नेताओं को प्रोत्साहित करने का आरोप लगाया।

देश की खबरें | कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने भाजपा पर जम्मू-कश्मीर में अलगाववादियों के साथ साठगांठ का आरोप लगाया

जम्मू, 26 सितंबर कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य राजीव शुक्ला ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जम्मू-कश्मीर में अल्पकालिक राजनीतिक लाभ के लिए राष्ट्र-विरोधी और अलगाववादी नेताओं को प्रोत्साहित करने का आरोप लगाया।

शुक्ला ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में केंद्र शासित प्रदेश में ‘‘आतंकवाद को दफनाने के बार-बार दोहराए जाने वाले बयानों’’ के लिए भाजपा पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि आतंकवाद जम्मू क्षेत्र में फैल रहा है। शुक्ला ने कहा, ‘‘भाजपा जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस को हराने के लिए अलगाववादियों और राष्ट्र-विरोधी तत्वों के साथ मिलकर आग से खेल रही है।’’

कांग्रेस नेता ने आगाह किया कि इन हरकतों के नतीजे न केवल क्षेत्र में बल्कि पूरे देश में महसूस किए जाएंगे। शुक्ला ने भाजपा और केंद्र सरकार पर कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस को कमजोर करने के लिए अलगाववादी तत्वों के साथ ‘‘खतरनाक सांठगांठ’’ करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, ‘‘नेकां और कांग्रेस को हराने के लिए अलगाववादियों का समर्थन करके भाजपा जम्मू-कश्मीर में खतरनाक खेल खेल रही है। हम लोगों को आगाह करते हैं कि केंद्र का असली एजेंडा राष्ट्रविरोधी तत्वों के साथ गठजोड़ करके राष्ट्रवादी दलों को कमजोर करना है।’’

राज्य के दर्जे के मुद्दे पर शुक्ला ने भाजपा पर अपना वादा पूरा न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘दुर्भाग्य से, राज्य का दर्जा बहाल करने के वादे को मौजूदा सरकार भूल गई है। जम्मू-कश्मीर को बिना किसी देरी के राज्य का दर्जा मिलना चाहिए और इसे लगातार नकारना यहां के लोगों के साथ अन्याय है।’’

शुक्ला ने तिरुपति मंदिर से जुड़े लड्डू प्रसाद को लेकर विवाद का हवाला देते हुए हिंदुओं के मुद्दों पर भाजपा के रुख की आलोचना की। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा का तथाकथित हिंदू चेहरा उजागर हो गया है, जैसा कि तिरुपति बालाजी प्रसाद विवाद में देखा गया है।’’

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर इस मुद्दे पर ‘‘चुप्पी’’ बनाए रखने का आरोप लगाया और कहा कि यह लोगों की भावनाओं और धार्मिक भावनाओं के प्रति उनकी उपेक्षा को दर्शाता है।

उन्होंने कहा, ‘‘जैसे-जैसे हम चुनाव के अंतिम चरण में प्रवेश कर रहे हैं, हमें जमीनी स्तर से उत्साहजनक प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। मुझे विश्वास है कि नेशनल कॉन्फ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन जम्मू-कश्मीर में अगली सरकार बनाएगा और हम इस ऐतिहासिक राज्य में विकास और सम्मान दोनों को बहाल करेंगे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 26, 2024 10:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).